केंद्रीय कर्मचारी आज हड़ताल पर

इंदौर। कन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट यूनियन के आह्वान पर केंद्रीय कार्यालयों के कर्मचारी एक दिनी हड़ताल पर हैं। शहर के डाकघर और आयकर विभाग में बुधवार को काम ठप रहेगा। आयकर कर्मचारी महासंघ के मप्र-छग के संयुक्त महासचिव वीरेश तिवारी के अनुसार आयकर विभाग में सिर्फ वही अधिकारी काम पर आएंगे, जिनका सीधा सिलेक्शन आईआरएस में हुआ है। आयकर राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के राजेश झा ने बताया सहायक स्टाफ के हड़ताल पर रहने से आयकर का काम ठप रहेगा।
इधर, अभा डाक कर्मचारी संघ वर्ग-सी इंदौर के मिश्रीलाल चौहान ने बताया डाक विभाग में भी काम नहीं होगा। हालांकि पीएफ कार्यालय चालू रहेगा। क्षेत्रीय पीएफ कर्मचारी एसोसिएशन के योगेश जोशी के अनुसार हड़ताल का आह्वान करने वाली कन्फेडरेशन से सीधे तौर पर पीएफ कर्मचारी नहीं जुड़े हैं। हड़ताल 15 सूत्री मांगों को लेकर की जा रही है।
ये हैं प्रमुख मांगें
- तुरंत सातवां वेतनमान।
- महंगाई भत्ते पर मूल वेतन।
- अनुकंपा नियुक्त की प्रक्रिया रेलवे के समान।
- आउटसोर्सिंग को खत्म करो।
- बढ़ती महंगाई पर रोक और पीडीएस सिस्टम लागू करो।
- हड़ताल के अधिकार को मौलिक अधिकार बनाओ।
- नई पेंशन योजना खत्म करो।






