कांग्रेस नेता बालमुकुंद गिरफ्तार, भेजे गए जेल

झाबुआ/धार। भीलवाड़ा (राजस्थान) पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की रात तीन बजे शराब माफिया व धार जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह गौतम को पीथमपुर से गिरफ्तार कर लिया।
शराब तस्करी मामले में यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस ने धार-झाबुआ पुलिस के साथ मिलकर की। भीलवाड़ा कोर्ट ने उसे 22 दिसंबर तक जेल भेज दिया है। गौतम की ओर से लगाई गई जमानत अर्जी पर बुधवार को सुनवाई होगी। झाबुआ एसपी कृष्णावेणी देसावतु ने बताया कि राजस्थान पुलिस से आबकारी एक्ट में गौतम का वारंट मिला था। धार पुलिस के अनुसार पीथमपुर के होटल मोनार्क में बालमुकुंद के होने की सूचना मिली थी। वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया।
गौतम राजस्थान के एक्साइज एक्ट के तहत आरोपी था व बरसों से फरार था।
यह था मामला : लेबड़ निवासी बालमुकुंद गौतम द्वारा भीलवाड़ा (राजस्थान) के सुभाष नगर थाना क्षेत्र से 3 अगस्त 2003 को टैंकर से अवैध शराब ले जाई जा रही थी। टैंकर में 51 हजार पाउच भरे थे। पुलिस ने बालमुकुंद सहित मेजरसिंह, इंदरसिंह, सत्यनारायण उर्फ मदन, बबलू व युसुफ के विरुद्ध राजस्थान एक्साइज एक्ट में मामला दर्ज किया था। मामले में भीलवाड़ा न्यायालय ने बालमुकुंद के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी कर दिया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी।









