पुलिस के अनुसार सुबह 11.15 बजे प्रोफेसर कॉलोनी स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाले नवीन कटारिया (26) और छोटे भाई अशोक (23) घर के सामने बैठे थे। तभी वहां रहने वाले सोनू, उसके भाई संजू, मामा भरत, भय्यूलाल व दोस्त सीताराम, राजू, उमाशंकर व भानू ने तलवार, चाकू, बेसबॉल और हॉकी से उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए नवीन के छोटे भाई अरविंद व पिता सुरेश को भी पीटा। अशोक की मौत हो गई जबकि नवीन गंभीर है।
हमारी रिपोर्ट नहीं दर्ज की
रविंद का कहना है जब हम छेड़छाड़ और अगवा करने की शिकायत करने थाने पहुंचे तो पता चला कि शांतिबाई ने हमारे और मेरे चचेरे भाई अमृत के खिलाफ उसकी बेटी आरती को छेड़ने का झूठा मामला दर्ज करवा दिया। महिला कांस्टेबल पुष्पा ने हमें टाल दिया। परिजन ने पुष्पा सहित सिपाही अनिरुद्ध, नीरज, प्रदीप पर रिश्वत लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
घर में आग लगाने पर हुआ हमला
पुलिस का कहना है सोनू राजेंद्रनगर स्थित अहीरखेड़ी में पत्नी के साथ रहता है। पुराने विवाद के चलते नवीन व अशोक ने परिजन के साथ मिलकर बुधवार को सोनू के घर में आग लगाई थी। इसकी शिकायत उसने पुलिस को की है। आरोपियों ने आग का बदला हत्या कर लिया है।
हमलावर के घर तोड़फोड़
हत्या के बाद क्षेत्र में पुलिस तैनात हो गई, फिर भी अशोक के परिजन जिनमें महिलाएं भी थीं, ने शांतिबाई के घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आग लगानी चाही, पर पुलिस ने रोक दिया।
पहले भी हुआ था हमला
अशोक प्रेस्टीज कॉलेज में कार चलाता था। उसकी पत्नी अनीता मायके गई हुई है। परिवार में पिता, मां सुशीला व बहन गायत्री भी है। परिजन ने बताया अशोक निजी ट्रेवल्स पर भी काम करता था। नवीन ऑटो चालक है। डेढ़ साल पहले भी आरोपियों ने अशोक व नवीन पर हमला किया था।
चोरी करते हैं हमलावर
अमृत का आरोप है सोनू, संजू व राजू चोरी करते हैं। रात को वे चोरी कर पुलिस को अपना हिस्सा दे देते हैं। इन्होंने पिछले दिनों भंवरकुआं स्थित वाइन शॉप लूटी थी। ये लोग उसी की सजा काटकर आए थे।
पुलिस के साये में शवयात्रा
एमवायएच में पीएम के बाद अशोक का शव दोपहर में परिजन को सौंपा गया। अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस बल मौके पर तैनात था। शवयात्रा में भी पुलिस साथ थी।
बहन को ले जा रहे थे
परिजन ने बताया उनके पड़ोस में सोनू, संजू, उसकी मां शांतिबाई व बहन आरती रहती है। संजू व सोनू हमारी चचेरी बहन के साथ छेड़छाड़ करते थे। अरविंद का आरोप है बुधवार को जब उसकी बहन गुजराती कॉलेज से घर आ रही थी तभी सोनू व संजू ने उसे रास्ते में रोका और कट्टा अड़ाकर बाइक पर बैठा लिया। वे उसे अगवा कर ले जा रहे थे। नौलखा पर वे हमें दिखाई दिए तो दोनों उसे वहीं छोड़कर भाग गए।