इंदौर। सभी के चहेते क्रिकेटर युवराज सिंह की सेहत में जल्दी सुधार हो, इसके लिए शहर के उनके फैंस प्रार्थना कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि युवी तंदुरुस्त होकर एक बार फिर गेंदबाजों के दिलों में खौफ पैदा करें।
प्रशंसकों में किसी ने नारियल चढ़ाने की मन्नत मांगी है तो कोई मंदिर जाकर भगवान से प्रार्थना कर रहा है। फेसबुक पर भी युवी के लिए मैसेजेज लिखे जा रहे हैं और उनके विभिन्न मैचेस के दौरान की शानदार फोटोज अपलोड की जा रही है।
गुरुवार को नौलखा पर लोगों ने इकट्ठा होकर उनके स्वस्थ होने की कामना की। जिला स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा के मैच के दौरान आए खरगोन जिला टीम के क्रिकेटर्स ने भी उनके लिए प्रार्थना की।
आईडीसीए के पूर्व सचिव कंवलजीत खनूजा ने बताया जब से युवराज की बीमारी की बात सामने आई है सभी क्रिकेटर्स चिंतित हैं, खासकर युवा और नन्हें क्रिकेटर्स। अनिरुद्ध परिहार कहते हैं हम सभी चाहते हैं कि युवी जल्द ठीक हो और फिट होकर उसी जोश-खरोश के साथ मैदान में उतरे। जिशांत खान कहते हैं मुझे उनका मैदान में रौबीला अंदाज बहुत पसंद आता है। अभी उनकी कमी खल रही है।
प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट्स ने भी विश्वकप में अपने अद्भुत प्रदर्शन से भारत को जिताने वाले युवराज के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की। क्रीड़ा अधिकारी कपिल पानसे ने बताया बच्चों ने बैनर पर संदेश भी लिखा- युवराज करते हो तुम युवाओं के दिल पर राज, क्रिकेट के मैदान के तुम हो सरताज, जल्दी आओ और करो मैदाने जंग का आगाज...।