...जब महिला को होमगार्ड ने मारा जोरदार थप्पड़

इंदौर। कलेक्टोरेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में तैनात महिला होमगार्ड और महिला के बीच विवाद हो गया। इस दौरान होमगार्ड ने महिला को थप्पड़ मार दिया।
प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत करने स्कीम-51 निवासी मौसमी पति स्व. संतोष शर्मा करीब 12 बजे कलेक्टोरेट पहुंचीं और लाइन में लग गईं। करीब 12.30 बजे होमगार्ड रत्ना कौशल ने अपनी पहचान वाली महिला को कतार से निकालकर आगे बढ़ा दिया। मौसमी ने विरोध किया तो होमगार्ड ने तमाचा मारकर धक्का दे दिया। इस पर महिला रोने लगी और हंगामा कर दिया। मीडिया वहां पहुंची तो होमगार्ड की परिचित महिला मौके से खिसक ली। होमगार्ड रत्ना ने मामले में बात करने से इनकार कर दिया।
भूमाफिया की शिकायत करने आई थी मौसमी ने बताया मैं बाणगंगा मेन रोड निवासी रामसुमरन पिता मुरली कश्यप की शिकायत करने आई थी। मैंने 8 मई 2009 को न्यू सिटी कॉलोनी में उससे तीन प्लॉट खरीदे थे, लेकिन उसने कब्जा नहीं दिया। उसने प्लॉट किसी और को बेच दिए। बाद में सात लाख रुपए के चार चेक दिए, जिसमें तीन बाउंस हो गए। करीब 10 माह पहले भी जनसुनवाई में शिकायत की थी, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई।
शराब दुकानों के खिलाफ 'आपÓ ने खोला मोर्चा- आप (आम आदमी की पार्टी) के सदस्यों ने इंदौर-देवास, इंदौर-धार व इंदौर-उज्जैन हाईवे पर बनी शराब दुकानों के लाइसेंस रद्द करने की मांग की। उनका कहना था इन दुकानों पर ट्रक, बस व अन्य वाहनों के चालक शराब पीकर हाईवे पर वाहन चलाते हैं। इससे दुर्घटनाएं होती हैं। अन्नपूर्णा रोड स्थित मिश्रनगर के भी 50 से ज्यादा रहवासियों ने कॉलोनी के मेन रोड की शराब दुकान हटाने की मांग की। अधिकारियों ने मामला सहायक आयुक्त आबकारी अधिकारी को लिखा।
नहीं मिल रहा प्लॉट- 70 साल की उम्र में प्लॉट के लिए अफसरों के चक्कर काट रही गीता भवन स्थित यशराज रेसीडेंसी निवासी सुशीला पति स्व संतोषकुमार जैनी ने भी शिकायत की। उन्होंने बताया 14 जनवरी 2000 को कर्मचारी गृह निर्माण संस्था मर्या. से संचारनगर एक्सटेंशन कॉलोनी में प्लॉट नंबर 247 खरीदा था। आईजी कार्यालय, नगर निगम एवं भू-श्रवण अभियान में शिकायत कर चुकी हूं, लेकिन प्लॉट नहीं मिला। अफसरों ने उपायुक्त सहकारिता विभाग को जांच के कहा है।
जनगणना करने वालों को मेहनताना नहीं मिला- मप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री राजाराम बौरासी ने बताया इंदौर जिले में सामाजिक, आर्थिक एवं जाति जनगणना का कार्य फरवरी से अप्रैल में किया था। करीब साढ़े तीन हजार शिक्षकों को अब तक मेहनताना नहीं मिला, वहीं प्रगणकों और पीसी ऑपरेटरों में से तो एक को भी नहीं मिला है। कलेक्टर ने उन्हें 10 जनवरी को मिलने के लिए कहा। उधर, गुरुकृपानगर रहवासी संघ के निवासियों ने बताया नगर में जय सियाराम बाबा मंदिर से लगी आम सड़क पर रसूखदारों ने दीवार बनाकर रास्ता बंद कर दिया है। अफसरों ने जांच करवाने की बात कही।






