हवाई यात्रियों के लिए आ गई बड़ी खुशखबरी

इंदौर। इंदौर से दिल्ली के बीच हवाई सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। 20 मई से इस रूट पर नई फ्लाइट शुरू हो सकती है। इसके लिए सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। औपचारिक अनुमति मिलने के बाद बुकिंग शुरू होगी।
यात्रियों को यह सेवा स्पाइस जेट एयरलाइंस द्वारा दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस फ्लाइट को शुरू करने के लिए एयरलाइंस लंबे समय से प्रयासरत थी। पहले इसे मार्च में शुरू करने की पहल भी हुई थी, लेकिन कुछ कमियों के चलते योजना आगे बढ़ गई थी। रोजाना चलने वाली इस फ्लाइट के शाम साढ़े सात बजे दिल्ली से इंदौर आकर आठ बजे पुन: दिल्ली रवाना होने की संभावना है। स्पाइस जेट के स्टेशन मैनेजर पवित्र शुक्ला ने बताया कि संभवत: 20 मई से यह उड़ान शुरू होगी। इसकी सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, 15 मई तक शेड्यूल घोषित होगा, जिसके बाद बुकिंग शुरू की जाएगी।
दो माह पहले बंद की थी दो उड़ान- स्पाइस जेट ने करीब दो माह पूर्व दिल्ली-इंदौर-भोपाल-दिल्ली और दिल्ली-भोपाल-इंदौर-दिल्ली के बीच चलने वाली दो उड़ानें बंद कर दी थी। बताया जाता है कि हफ्ते में चार दिन एक रूट और तीन दिन दूसरे रूट पर चलने के कारण इसे ज्यादा यात्री नहीं मिल पा रहे थे। इसी कारण कंपनी ने इन्हें बंद कर दिया और अब नियमित डायरेक्ट फ्लाइट शुरू कर रही है।







