पत्नी तो गई थी छुट्टियां मनाने, क्या पता था उजड़ जाएगी जिंदगी

इंदौर।रिंग रोड पर रविवार सुबह तेज गति से आ रही कार सड़क पर खड़े रेती से भरे ट्रक में घुस गई। घटना में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग जख्मी हो गए। मृतक वाटर पार्क का मैनेजर था।
संयोगितागंज पुलिस के अनुसार सुबह 7 बजे एक कार अंध गति से बंगाली से होते हुए तीन इमली की ओर आ रही थी। बाबूनगर के पास खड़े रेती से भरे ट्रक में घुस गई। घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार ब्ल्यू वाटर पार्क के जनरल मैनेजर मयंक जितिन पिता प्रवीण डाबर (40) चला रहे थे। कार में दो साथी अमृत राज सिंह व राहुल भी बैठे थे।
हादसे में जितिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि अमृत राज व राहुल घायल हो गए। घायल राहुल डर के मारे वहां से भाग कर अस्पताल में भर्ती हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अमृतराज को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पुलिस ने राहुल के भी बयान लिए।
पार्टी मनाकर लौट रहे थे
जितिन के परिचितों ने बताया वह खुड़ैल क्षेत्र के जामुनिया स्थित क्रिस सेंट वाटर पार्क में जनरल मैनेजर था। शनिवार रात उसकी ओपनिंग थी। वह रातभर वहीं थे। सुबह तीनों घर पहुंचे। वहां तैयार होने के बाद जितिन व राहुल अमृतराज को छोड़ने उसके घर जा रहे थे।
पत्नी छुट्टियां मनाने मायके गई थी
जितिन की पत्नी बच्चे प्रथम व मंशा को लेकर बिलासपुर स्थित मायके गर्मी की छुट्टियां मनाने गई थी। घटना की सूचना उन्हें दी गई थी। यहां पहुंचने पर पति की लाश देखकर वे बदहवास हो गईं।





