'पुलिस ले गई थी जिस अकड़ से अब उसी तरह मेरे बेटे को ढूंढ कर दो'

इंदौर। तुकोगंज थाने से गायब युवक की मां और उसके परिजन मंगलवार सुबह लोगों के साथ कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने एएसपी से कहा कि तुकोगंज पुलिस चोरी के मामले में उनके बेटे को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। दो दिन तक लॉकअप में बंद बेटा अचानक गायब हो गया। वह कहां है, इस बारे में कुछ पता नहीं है।
न्यू पलासिया निवासी सन्ना पिता राजेंद्र बागरे की मां मधुबाई और मामा आनंद गौहर कुछ लोगों के साथ कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां एएसपी विनय प्रकाश पाल को मधुबाई ने कहा उनके बेटे को तुकोगंज पुलिस ने गायब कर दिया है। उसके साथ अनहोनी हुई है। पुलिस कह रही है कि पूछताछ के बाद छोड़ दिया था, जबकि वह घर नहीं पहुंचा। वह कहां है, इस बारे में कुछ पता नहीं। पुलिस मेरे बेटे को लाकर दे। एएसपी ने सन्ना की तलाश करने का आश्वासन दिया है। मामले की जांच सीएसपी आबिद खान को सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि 6 दिसंबर को सन्ना मामा के साथ थाने पहुंचा था। उससे पुलिस मंदिर और क्षेत्र की अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही थी। 8 दिसंबर को सुबह परिवार वालों ने उसे थाने में टिफिन दिया था। मामा आनंद ने बताया दोपहर को हम मिलने पहुंचे तो पुलिस कहने लगी कि उसे किसी से मिलने की अनुमति नहीं है। उसके बाद पता चला वह गायब हो गया।
हमने उसे छोड़ दिया था
सन्ना के परिजन के कंट्रोल रूम पहुंचने की सूचना पर तुकोगंज टीआई अशोक तिवारी भी वहां पहुंचे। उन्होंने बताया हमने पूछताछ के बाद सन्ना को छोड़ दिया था। अब वह कहां गया ये उन्हें नहीं पता।







