विज्ञापन
 
Home >> Madhya Pradesh >> Indore >> News >> Police Bus Accident

PHOTOS : इस भयावह दुर्घटना ने पुलिस वालों की आंखों में भी ला दिए आंसू

Dainik Bhaskar News | Jun 18, 2012, 00:23AM IST
 
 


इंदौर। महिला नवआरक्षकों से भरी बस रविवार दोपहर डेली कॉलेज के पास मोड़ पर पलट गई। 32 सीटर बस में राजेंद्रनगर, चंदननगर और अन्नपूर्णा थाने से पीटीएस (पुलिस ट्रेनिंग स्कूल) लौट रही 60 नवआरक्षक सवार थीं। हादसे में 31 नवआरक्षक घायल हुई हैं। बस जहां पलटी वहां ट्रांसफार्मर भी था। यदि उससे टक्कर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। कंडक्टर व एक अन्य की हालत गंभीर है। घटना के दौरान ड्राइवर बस से कूदकर भाग निकला। वहां से गुजर रहे दो मजदूरों की सूझबूझ से बस में फंसी नवआरक्षकों को बचाया जा सका। 20 जून को नवआरक्षकों की लिखित परीक्षा भी है।
 
अलग-अलग थाना क्षेत्र में चल रहे डॉमिनेशन मार्च के दौरान महिला नवआरक्षकों को भी शामिल किया गया था। सुबह करीब 60 नवआरक्षक रेसीडेंसी स्थित पीटीएस से चंदननगर, राजेंद्रनगर और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के मार्च पास्ट में गई थीं। दोपहर में उन्हें पीटीएस से एक बस लेने गई थी। तीनों थानों से सभी महिला नवआरक्षकों को लेकर बस पीटीएस लौट रही थी। डेली कॉलेज स्कूल के पास मोड़ पर बस पलट गई। बस गेट की तरफ से पलटी थी जिससे सभी उसमें फंस गए थे। उनकी चीख-पुकार सुन लोगों की भीड़ जुट गई।
 
घटना के दौरान दो मजदूर गलसिंह और सोहन पटेल निवासी झाबुआ वहां से एक ठेले पर सीमेंट लेकर गुजर रहे थे। उन्होंने लोगों से कहा कि वे बस ऊंची करें हम नीचे ठेला लगा देंगे। इस पर सभी ने बस को उठाया और उन्होंने ठेला नीचे लगा दिया। बस का गेट खुलने की जगह होने पर नवआरक्षकों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। कुछ को खिड़कियों के कांच फोड़कर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही पीटीएस के अधिकारी और पुरुष नवआरक्षक भी पहुंचे और बचाव कार्य में लग गए।
 
‘60 नहीं 45 नवआरक्षक थीं’
 
हादसे में 31 से अधिक नवआरक्षक घायल हो गई हैं। सभी को 108 एम्बुलेंस की मदद से एमवाय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण नवआरक्षकों की जान पर बन आई थी। 32 सीटर बस में 60 नवआरक्षक सवार थीं। पीटीएस के प्रधान आरक्षक जगदीश तोमर ने बताया निजी बस पीटीएस से अटैच है। उसी से सभी को पीटीएस लाया जा रहा था। इधर, पीटीएस के मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रदीप जोशी का कहना है बस में सिर्फ 45 नवआरक्षक थीं।
 
पता चल गया था, बस खराब है फिर भी..
 
घायल नवआरक्षकों का कहना है कि उन्हें जब राजेंद्रनगर थाने पर बस लेने पहुंची तो वहां हमने बस की हालत देखकर मना कर दिया। ड्राइवर, कंडक्टर भी हमें बस में खराबी होना बता रहे थे। हमें मजबूरी में बैठना पड़ा। घायल कंडक्टर विजय आतड़े ने बताया बस जगदीश चला रहा था। पीटीएस से करीब दो सौ मीटर पहले कमानी का पत्ता टूट गया जिससे वह पलट गई। जगदीश कूदकर भाग गया।
 
ऑपरेशन कर पैर काटना पड़ा
 
घायलों में ज्योति निनामा, पिंकी तिवाड़े, दीप्ति, पूजा, मीना, सुंदर, प्रियंका, सविता तोमर, मंजली, अंजू मेड़ा, अनीता, सोनू ठाकुर, बीना पाटिल, मंजू गहलोत, ज्योति, रीना, प्रीति, पूर्णिमा, पूजा, मीना, सुधा लोधी, रूबी, भारती, द्रोपदी, सोनम, उर्मिला, विजया, सविता सहित अन्य के नाम हैं। इधर, संतोषी कुशवाह का पैर कुचल जाने के कारण हालत नाजुक थी। ऑपरेशन कर उसका पैर काटना पड़ा।
 
कृत्रिम पैर लगवाएंगे
 
बस की खराबी के बारे में हमें नहीं पता, इसकी जिम्मेदारी जिला पुलिस की है। संतोषी के इलाज का पूरा खर्च शासन द्वारा दिया जाएगा। उसे आर्टिफिशियल पैर भी लगवाया जाएगा। वह नौकरी पर रहेगी।
- महेशचंद्र जैन, एसपी पीटीएस
 
परीक्षा बाद में भी दे सकती हैं
 
एसपी महेशचंद्र जैन ने बताया कि आने वाली 20 जून को नवआरक्षकों की लिखित परीक्षा है। हम संतोषी को अस्पताल में ही पेपर दिलवा देंगे। यदि वह अस्पताल में भी पेपर नहीं दे पाई तो सप्लीमेंट्री में पेपर दिलवाएंगे।
 
फोन उठाया न जबाव दिया
 
इस दुर्घटना में हुई लापरवाही के बारे में भास्कर ने जिला प्रशासन के एएसपी राकेश सिंह से बात करना चाही। लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उनके मोबाइल पर मैसेज भी किया लेकिन उनका कोई जबाव नहीं आया।

 
 
 

आपके विचार
 
 
कोड:
9 + 4

 
Ad Link
विज्ञापन
विज्ञापन
 
 
 
 
Sabse Bada Match Fixer Contest
 
 

बड़ी खबरें

रोचक खबरें

विज्ञापन

बॉलीवुड

जीवन मंत्र

क्रिकेट

बिज़नेस

जोक्स

पसंदीदा खबरें

Email Print Comment
Email Print Comment