भास्कर के सर्वे में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि इंदौर के युवक-युवतियां इसी शहर से अपना लाइफ पार्टनर नहीं चुनना चाहते। तलाक के बढ़ते मामलों को देखने पर पता चलता है कि संयुक्त परिवारों का कम होना, भागदौड़ वाली लाइफ स्टाइल में एक-दूसरे को समय नहीं दे पाना जैसे कारणों को देखते हुए युवक-युवतियां चाहते हैं किसी दूसरे शहर का लाइफ पार्टनर।
इंदौर.शहर में पति-पत्नी के रिश्तों में दूरियां बढ़ती जा रही हैं। शहरी सीमा में रहने वाले परिवारों की बात करें तो पिछले पांच साल में तलाक लेने वाले कपल्स की संख्या तीन गुना तक बढ़ चुकी है। तलाक के मामलों की सुनवाई करने वाले कुटुम्ब न्यायालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पांच साल पहले तक करीब एक हजार केस तलाक के आते थे। कोर्ट के रीडर विजय रघुवंशी के मुताबिक वर्तमान में तीन कोर्ट में तीन हजार से ज्यादा मामले चल रहे हैं।
वैचारिक मतभेद है मुख्य कारण
तलाक के मामले बढ़ने के पीछे मुख्य वजह पति-पत्नी के बीच वैचारिक मतभेद है। वकील प्रमोद जोशी के अनुसार समाज तेजी से आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है लेकिन हमारे विचार और लाइफ स्टाइल आज भी पुराने हैं। विचारों में इसी अंतर के कारण तलाक के मामले ज्यादा हो रहे हैं।
इसके अलावा न्यूक्लियर फैमिली भी इसकी एक वजह है। पहले पति-पत्नी के बीच उपजे विवाद परिवार के बड़े सदस्य दूर कर दिया करते थे लेकिन आज परिवार केवल पति-पत्नी तक ही सीमित हैं इसलिए तलाक ही उन्हें अंतिम उपाय नजर आता है। श्री जोशी के अनुसार आज लड़कियां आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं। वे किसी भी प्रकार का बंधन सहन नहीं करना चाहतीं। इसी सोच की वजह से तलाक के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
शादी को ना समझें टाइम पास
तलाक के बढ़ते मामलों पर क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सुनीता गुप्ते का कहना है आजकल की फास्ट लाइफ के कारण पति-पत्नी एक दूसरे को समय नहीं दे पाते हैं। दोनों को ही इस रिश्ते की अहमियत समझना चाहिए। शादी टाइम पास नहीं हैं। इस रिश्ते को बचाने के लिए एक-दूसरे के साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताएं। अपनी बात कहने के साथ ही पार्टनर की बातें और समस्याओं को भी सुनें। दोनों के बीच ईगो को बिलकुल न आने दें।
नहीं मिल रहा मनचाहा लाइफ पार्टनर
34 फीसदी महिला-पुरुषों का कहना है कि वे अपना लाइफ पार्टनर किसी दूसरे शहर का चुनना पसंद करेंगे। ४३ फीसदी का मानना है उन्हें अपना मनचाहा लाइफ पार्टनर शहर में ही मिल रहा है। २३ फीसदी लोग इस सवाल पर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।