...और क्रिकेट के भगवान को बिकाऊ कह दिया शिवराज ने

इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का आईपीएल को लेकर गुस्सा कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। उन्होंने इसके बहाने सचिन तेंडुलकर को भी आड़े हाथों ले लिया। बोले मैंने सचिन से कहा है देश तुम्हें महान मानता है, कम से कम तुम तो मत बिको। मैंने तय कर लिया है, जब तक हूं आईपीएल जैसे तमाशे किसी भी कीमत पर प्रदेश में नहीं होने दूंगा। यह तमाशा देश में भी बंद होना चाहिए।
यहां वैष्णव स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने भाषण में घर-परिवार से जुड़ी ढेर सारी बातें की। बोले परिवार के साथ टीवी देखना दूभर हो गया है। न्यूज चैनल तक ऐसे विज्ञापन दिखा रहे हैं कि कोई सेंट डाले तो उसके पीछे लाइन लग जाती है। ऐसे विज्ञापन तत्काल बंद होने चाहिए। समझ में नहीं आता क्यों बैठी हैं सरकारें? कब तक बहन-बेटियां अपमानित होती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा जानापाव में ट्रस्ट के माध्यम से परशुरामजी का एक भव्य मंदिर बनाया जाना चाहिए जहां से देश का हर नागरिक अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा लेकर बाहर आए।








