अब एसएमएस ही करेगा ट्रेन में टिकट का काम
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:34(05/02/12)
इंदौर. रेलवे ने मोबाइल पर भेजे जाने वाले रिजर्व ई-टिकट संबंधी एसएमएस को ही ट्रेन में यात्रा करने के लिए टिकट की मान्यता दे दी है। इससे उन मोबाइल धारकों को आसानी हो जाएगी, जिनके पास मल्टी मीडिया मोबाइल नहीं हैं।
हालांकि मोबाइल धारकों को रेलवे द्वारा पूर्व से मान्य किया गया कोई भी एक परिचय पत्र (फोटो वाला मतदाता परिचय पत्र। - पासपोर्ट। - पेन कार्ड। - ड्राइविंग लाइसेंस। - राज्य या केंद्र सरकार के कार्यालय द्वारा सीरियल नंबर सहित जारी किया गया फोटो युक्त परिचय पत्र। - स्कूल या कॉलेज द्वारा विद्यार्थी के लिए जारी किया गया फोटो युक्त परिचय पत्र। - राष्ट्रीयकृत बैंक की फोटो युक्त पास बुक। - बैंक द्वारा जारी किए फोटो युक्त क्रेडिट कार्ड। - आधार कार्ड) जरूर अपने साथ रखना होगा।
मान लीजिए इंदौर से जयपुर की यात्रा करने के लिए 14 फरवरी को स्लीपर कोच में रिजर्वेशन बुक करना है। इसके लिए क्रमवार आवश्यक जानकारी..
> सबसे पहले आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें व इसके बाद लॉगिन करें।
> अब ‘प्लॉन माय ट्रेवल’ में जाकर रिजर्वेशन से संबंधित जानकारी मसलन कहां से कहां की यात्रा करनी है, तारीख, कोटा व टिकर टाइप जानकारी भरें।
> फिर ‘फाइंड ट्रेन’ पर क्लिक करें।
> अब अपनी तारीख अनुसार उललब्ध ट्रेनों की सूची में (रणथंबौर एक्सप्रेस) व क्लास चयनित करें।
> इसके बाद दो बॉक्सेस में ‘ट्रेन डिटेल्स’ व ‘एवेलेबिलिटी’ आएगी।
> ट्रेन डिटेल्स वाले बॉक्स से आप किराए व ट्रेन की जानकारी ले सकते हैं, जबकि एवेलेबिलिटी में ‘बुक’ ऑप्शन में जाकर रिजर्वेशन बुक करें।
> अब पैसेंजर डिटेल्स में (नाम, उम्र, लिंग, बर्थ प्रिफरेंस, सीनियर सिटीजन व कैटेगरी) भरें और ‘गो’
ऑप्शन में जाएं।
> यहां आपको टिकट रिजर्वेशन, पैसेंजर डिटेल्स व टिकट डिटेल्स संबंधी जानकारी मिलेगी।
> अब ‘मेक पेमेंट’ ऑप्शन क्लिक करें।
> यहां क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, कैश कार्ड जैसे ऑप्शन मिलेंगे।
> मान लीजिए आपको डेबिट कार्ड से पेमेंट करना है तो उस पर क्लिक करके अपने बैंक को सिलेक्ट करें।
> जैसे ही आप बैंक पर क्लिक करेंगे तो ऑटोमेटिक बैंक की साइट पर जाएंगे।
> यहां आपसे डेबिट कार्ड डिटेल्स (कार्ड नंबर, वैलेडिटी, कार्ड होल्डर नेम, पिन आइडेंटिफिकेशन कोड जैसी जानकारी) भरने के बाद टिकट बुक हो जाएगा।
> इसके बाद आपको ऑटोमेटिक आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट की डिटेल्स मिलेगी।
> अब आप हिंदी या अंग्रेजी में प्रिंट आउट निकाल सकते हैं।
> आपके मोबाइल पर भी टिकट संबंधी जानकारी (पीएनआर नंबर, ट्रेन नंबर,यात्रा की तारीख. कहां से कहां की यात्रा, एक मुख्य यात्री का नाम तथा सहयात्रियों की संख्या व किराया ) का मैसेज आ जाएगा।
> यह मैसेज ही अब आपके टिकट का काम करेगा।