दो प्रोबेश्नरी आईएएस अफसरों का कमाल, पकड़ा बड़ा घोटाला

इंदौर।केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही ड्रिप इरिगेशन योजना में उद्यानिकी विभाग के अफसरों ने घोटाला किया है। घोटाला हुआ भी उद्यानिकी विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र में है। योजना के तहत किसानों को दिए जाने वाले पाइप और सिंचाई के उपकरण खेतों तक तो पहुंचे नहीं, लेकिन कागजों में बांट दिए गए हैं।
घोटाले की जानकारी इंदौर में पदस्थ दो प्रोबेश्नरी आईएएस अफसरों को लगी। उन्होंने बिना किसी को बताए मोटरसाइकिल से गांवों का दौरा किया और हकीकत जानी। इनकी रिपोर्ट पर कमिश्नर इंदौर संभाग ने घोटाले के जिम्मेदार विभाग के तीन अफसरों को सस्पैंड किया है। प्रारंभिक जांच में मामला एक करोड़ से ऊपर का है।
केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए ड्रिप इरिगेशन योजना बनाई गई है। इसके तहत किसानों को अपने खेत में सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन सिस्टम लगवाने के लिए सब्सिडी दी जाती है। सामान्य जाती के किसानों को 70 प्रतिशत और अनुसूचित जाती एवं जनजाती के किसानों को 80 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रावधान है। उद्यानिकी विभाग के तहत आने वाली इस योजना में महू क्षेत्र के तीन गावों में विभाग के तीन अफसरों ने बहुत बड़ा घोटाला किया है।
महू के मेड़, बुरालिया और मांग्ल्या गांव में किसानों को योजना के तहत संयंत्र दिए जाने थे। किसानों ने इसके लिए विभाग में आवेदन भी दे रखे थे। विभाग के सहायक संचालक उद्यान, रामकरण खोबरिया ने आवेदनों को कागजों पर तो मंजूरी दे दी, लेकिन किसी भी तरह का उपकरण आज तक खेतों में नहीं पहुंचा है। मामले की शिकायत मिलने पर दो प्रोबेश्नरी आईएएस अफसर एसडीएम महू अविनाश लवानिया और के.वी.एस चौधरी ने इसकी जांच शुरू की थी।
कंपनियों को भुगतान भी हो गया
दोनों अधिकारी मोटरसाइकिल पर सवार होकर इन गावों का दौरा करने पहुंचे। पता चला कि इन गांवों में वाकई घोटाला हुआ है और इसमें शासकीय मशीनरी की भी भूमिका है। उन्होंने खेतों का दौरा किया तो वहां किसी तरह के संयंत्र नहीं मिले लेकिन विभाग के दफतर में इन्हें सप्लाय करने के पूरे दस्तावेज मौजूद थे। इतना ही नहीं संयंत्र सप्लाय करने वाली करीब बीस कंपनियों को इसका पेमेंट भी कर दिया गया था।
अफसरों को किया है सस्पैंड
महू तहसील के 3 गांवों में किसानों को ड्रिप इरिगेशन योजना का जो फायदा मिलना था वह नहीं मिला है। अफसरों ने गड़बड़ी की थी। जांच में घपला सिध्द होने पर तीन अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। - कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री उद्योग एवं उद्यानिकी
हमने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी है
ड्रिप इरिगेशन योजना में घपला हुआ। किसानों को जो पाइप मिलना थे नहीं मिले। इसकी जांच हुई और तीन दोषी अफसरों को सस्पैंड किया है। इसकी रिपोर्ट राज्य शासन को भेज दी है। - प्रभात पाराशर, कमिश्नर इंदौर संभाग
VIP बत्तियां लगाने से पहले जरा यह खतरनाक सच्चाई जान लें
'बस रुपए लाइए, मेडिकल में आसानी से हो जाएगा एडमिशन'
भोपाल बंद : सड़कों पर चारों तरफ पसरा सन्नाटा







