पंडितजी के जीवन पर किताब : पं. सूर्यनारायण व्यास के पुत्र राजशेखर ने उनके जीवन और उनकी भविष्यवाणियों पर एक किताब लिखी है। 'याद आते हैं' शीर्षक वाली इस किताब के 34वें अध्याय 'ज्योतिष जगत् के सूर्य' (पृष्ठ क्रमांक 197 और 198) में आजादी के दिन के मुहूर्त का उल्लेख किया गया है। दूरदर्शन के एडिशनल डायरेक्टर राजशेखर ने इस अध्याय में अपने पिता की अन्य भविष्यवाणियों का भी जिक्र किया है। सांदीपनी ऋषि के वंशज महान ज्योतिषाचार्य, लेखक, पत्रकार पं. सूर्यनारायण व्यास थे। उनका जन्म 2 मार्च 1902 को हुआ था। देहांत 1976 में हुआ।
सैकड़ों भविष्यवाणियां 100 फीसदी सच : लालबहादुर शास्त्री के ताशकंद जाने से पहले पं. सूर्यनारायण व्यास ने एक लेख में इस बात का उल्लेख कर दिया था कि वे जीवित नहीं लौटेंगे। भविष्यवाणी सच साबित हुई। 7 दिसंबर, 1950 को एक अखबार में उन्होंने लिखा कि उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का स्वास्थ्य अत्यंत चिंताजनक हो सकता है। 17 दिसंबर तक उनके लिए कठिन समय रहेगा। आखिर 16 दिसंबर की मध्य रात्रि को सरदार पटेल दिवंगत हो गए। इससे पहले 1932 में उन्होंने एक अंग्रेजी अखबार में भूकंप पर एक लेख लिखा था। फिर एक पत्र लिखकर आने वाले 300 भूकंपों की सूची प्रकाशित करवा दी। समय के साथ-साथ ये भी सही साबित होती जा रही हैं। ये पत्र और अखबार सुरक्षित हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री बनने, राजेंद्र प्रसाद के राष्ट्रपति बनने, महात्मा गांधी की हत्या की भविष्यवाणी भी कर दी थी, साथ ही खुद की मृत्यु का समय भी पहले ही बता दिया था।