बदनावर में पड़ोसियों के झगड़े में हथियार चले
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:44(05/02/12)
बदनावर. बदनावर कस्बे में शनिवार दोपहर दो पड़ोसियों के झगड़े के बाद तनाव हो गया। दो युवकों के घायल होने के बाद लोग सड़क पर उतर आए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। अफवाहों के बीच बाजार बंद हो गया। शाम तक हालात नियंत्रण में आ गए थे लेकिन रात करीब 8 बजे बड़नगर तरफ से लौट रहे तीन युवकों से मारपीट के बाद फिर तनाव उत्पन्न हो गया।
तीनों को बदनावर अस्पताल लाया गया। पुलिस ने दोपहर में हुए विवाद को लेकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। एहतियात के तौर पर कस्बा क्षेत्र में रात 10 बजे प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू कर दी गई। बदनावर टीआई मोहन जाट ने बताया हरीश राठौड़ को मंजूर एवं खालिद ने कालर पकड़कर झूमाझटकी कर दी थी।
चिल्लाने पर अजरुन अमरसिंह राठौड़ एवं मनीष गजेंद्र राठौड़ आए तो खालिद ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। अजरुन (24) एवं मनीष (19) घायल हो गए। यह खबर फैलते ही एक पक्ष के लोग एकत्र हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
अजरुन को गंभीरावस्था में धार लाए, जहां से इंदौर रैफर कर दिया। पुलिस ने मंजूर मुश्ताक अली, खालिद रशीद एवं गम्मू पर केस दर्ज किया है। मंजूर व खालिद को बंदी बनाया है। एडीएम ने बताया हालात नियंत्रण में है।
बाइक से लौट रहे युवक पर हमला : शांति समिति की बैठक के बाद सबकुछ नियंत्रण में आने की बात होने के बाद कुछ ही देर में यह खबर आई कि बड़नगर तरफ से लौट रहे शाहरूख पिता फकीर, साबिर सैयद और जफर पिता शाकीर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उन्हें खेत में ले जाकर मारपीट की गई। देर रात इन तीनों घायलों को भी इंदौर रैफर कर दिया गया।