14 साल बाद पकड़े गये दोहरी हत्या के आरोपी!
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 07:14(08/02/12)
जबलपुर। गढ़ा थाने के अंतर्गत तिलवारा के समीप शराब दुकान के गद्दीदार दो सगे भाइयों की हत्या के चार आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने 14 साल बाद पकड़ने में सफलता हासिल की है। इसमें चौंकाने वाली बात तो यह है कि गढ़ा पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की तलाश की और जब वे नहीं मिले तो हाल ही में खात्मा रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर दी थी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1998 मंे तिलवारा के समीप शराब दुकान के गद्दीदार बबलू त्रिपाठी और राजू त्रिपाठी पिता विश्म्भर त्रिपाठी की बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई थी।
आरोपियों की पहचान दिलीप दुबे, मुकेश, कमल ठाकुर और गोपाल बर्मन निवासी तिलवारा रमनगरा के रूप में हुई थी। उनके खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज किया गया और पुलिस लगातार उनका तलाशी में जुटी रही पर उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने जब हाथ खड़े कर दिये तो क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एके शुक्ला ने जिम्मेदारी संभाली और उनकी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी रही। क्राइम ब्रांच के एएसआई नीरज कुमार ने बताया कि पूरी टीम कई दिनों से आरोपियों के पीछे लगी थी और आज उसे सफलता मिल गई। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घरों में आए हैं और टीम ने दबिश दी तो सभी पकड़े गए। क्राइम ब्रांच की टीम में प्रधान आरक्षक विशाल सिंह, राजेश पांडे, महेन्द्र पटेल, शफीक आदि शामिल थे।