उज्जैन त्न चार वर्ष पहले बडऩगर रोड पर एक युवक को लूटने वाले दो लुटेरों को कोर्ट ने कारावास व अर्थदंड की सजा दी है। बडऩगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप 14 फरवरी 07 को सनी भम्मानी से भेरुखेड़ा के जगदीश माली व कन्हैयालाल माली ने हथियारों के दम पर 2 मोबाइल व 550 रुपए लूट लिए थे। नीलगंगा थाने में दर्ज मामले में शुक्रवार को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी आरके पाटीदार ने फैसला सुनाते हुए दोनों को 3-3 वर्ष के कारावास व 3-3 हजार रुपए अर्थ दंड दिया। शासन का पक्ष सहायक जिला अभियोजक कुमारी संध्या सोलंकी ने रखा।
रंगेहाथ पकड़ाया चोर: डाबरीपीठा निवासी घनश्याम गुप्ता के घर चोरी कर भाग रहे नागदा के बबलू उर्फ अमर को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा है। टीआई सुनीता ने बताया बबलू ने दिसंबर में डाबरीपीठा के नरेंद्र सिसौदिया के घर से 10 हजार रुपए चोरी करना भी कबूला है।
चंदन चोर पकड़ाए: जयसिंहपुरा के राकेश उसके भाई हरिमोहन माली व शंकर को महाकाल पुलिस ने 60 किलो चंदन के साथ पकड़ा है। एसआई अभिषेक गौतम ने कहा आरोपी चोरी कर चंदन लाए थे। बीएसएनएल के मुकुंद पिता वासुदेव ने चिमनगंज पुलिस को बताया कि कमल कॉलोनी स्थित टॉवर से 10 हजार की बैटरी चोर ले उड़े।
दो की संदिग्ध मौत : पानबिहार निवासी बालू पिता गुलाब शुक्रवार दोपहर भूखीमाता क्षेत्र में मृत अवस्था में मिला है। महाकाल पुलिस जांच कर रही है। वहीं चिमनगंज पुलिस ने बताया शंकरपुर के रतनसिंह (40) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जांच के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
दो युवकों पर प्राणघातक हमला: निमनवासा के जितेंद्र पिता उमरावसिंह चौहान को वहीं रहने वाले शुभम नायक ने गुरुवार रात पुराने विवाद के चलते गुप्ती मार दी। माधवनगर पुलिस ने शुक्रवार को शुभम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं भैरवगढ़ के राहुल परिहार पर 22 जनवरी को चाकू से हमला करने पर भैरवगढ़ पुलिस ने मनोज धोबी व फरीद पर प्रकरण दर्ज किया है।
छात्रा को टक्कर मारी : फ्रीगंज निवासी राधिका पिता गिरजेंद्र (15) गुरुवार दोपहर साइकिल से स्कूल से लौट रही थी। चामुंडा माता चौराहे पर ईंट से भरे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। देवासगेट पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया है। वहीं इंदिरानगर के संजू मिश्रा को हरिफाटक के समीप एक अन्य बाइक चालक ने टक्कर मार दी।
महिला को पीटा: नागझिरी की मंजू पति मिश्रीलाल को कल्याणपुरा के अर्जुन ने शुक्रवार को पीट दिया। माधवनगर पुलिस ने बताया दोनों फल का ठेला लगाते हैं। प्रतिस्पर्धा के कारण मारपीट हुई है। वहीं देवासगेट पुलिस ने बताया कि विनोद मिल की चाल निवासी रुखसार के साथ छेड़छाड़ करने पर हीरामिल के पंकज मीणा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
नाथू बागरी की हत्या का खुलासा
जगोटी त्न महूड़ी पुरा मार्ग के समीप 12 दिन पहले हुई नाथू बागरी (50) की हत्या के आरोप में राघवी पुलिस ने जगोटी के दुलासिंह बागरी को गिरफ्तार कर महिदपुर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक दुलासिंह ने आपसी विवाद में नाथू की कुल्हाड़ी हत्या करना कबुला है। निशानदेही पर कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
मोटरसाइकिल चोर पकड़ाया
उज्जैन त्न इंगोरिया पुलिस ने गुरुवार शाम वाहन चैकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल चोर को पकड़ चोरी गई चार मोटरसाइकिल बरामद की है। एएसपी ग्रामीण अनिलसिंह कुशवाह ने बताया कमलसिंह कीर निवासी जमालपुरा को बगैर नंबर की बाइक चलाते पकड़ा था।
डीजीपी राऊत आए
उज्जैन त्न डीजीपी एसके राऊत शुक्रवार दोपहर सपत्निक आए। शाम को महाकाल के दर्शन करने के बाद वे भोपाल लौट गए। पुलिस मेस में डीआईजी डॉ. मयंक जैन व एसपी राकेश गुप्ता सपत्निक उनसे मिले। एसपी गुप्ता ने बताया कि डीजीपी निजी यात्रा पर आए थे।