भास्कर संवाददाता. उज्जैन
सात दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य समारोह अर्जुनसिंह रंगोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार से हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में दिल्ली के कला समीक्षक संगम पांडेय को अभिनव राष्ट्रीय कला समीक्षा सम्मान से विभूषित किया। समारोह में शिरकत करने आए नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने कहा संस्कृति के क्षेत्र में अब राजनीति का हस्तक्षेप ज्यादा हो गया है लेकिन संस्कृति में रुचि कम हो गई है।
कालिदास अकादमी परिसर स्थित पं. सूर्यनारायण व्यास सांस्कृतिक संकुल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि ख्यात संस्कृतिकर्मी एवं कवि अशोक वाजपेयी ने कहा अर्जुनसिंह कला और संस्कृति की महत्ता समझते थे और कलाकृतियों व संस्कृतिकर्मियों का सम्मान करते थे। आयोजक अभिनव रंगमंडल संस्था अध्यक्ष शरद शर्मा ने गतिविधियों को प्रस्तुत किया। संस्था सचिव डॉ. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने संचालन किया। आभार पूर्व कुलपति प्रो. रामराजेश मिश्र ने माना। विधायक रामलाल मालवीय, कुलपति प्रो. टी.आर. थापक, मनोहर बैरागी आदि मौजूद थे।
आज ये होंगे सम्मानित
रंगकर्मी व मंच-रंगमंच संस्था अमृतसर के संस्थापक केवल धालीवाल को शनिवार को सम्मानित किया जाएगा।
1.11 लाख रुपए के पुरस्कार की घोषणा: कार्यक्रम में संस्था द्वारा 1.11 लाख रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की गई। यह सम्मान संस्कृतिकर्मी या लोकसेवक को प्रदान किया जाएगा। साथ ही 50 हजार की सालाना फैलोशिप संस्कृतिकर्मी अशोक वाजपेयी के नाम से प्रदान करने की घोषणा भी की गई।
9 करोड़ का पुनर्चेतना केंद्र स्थापित हो: विक्रम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. रामराजेश मिश्र ने समारोह के मंच से यह बात उठाई कि 9 करोड़ रुपए के पुनर्चेतना केंद्र की स्थापना की जाए। उन्होंने बताया स्व. अर्जुनसिंह ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की थी।