शहीद सुधाकर सिंह की शहादत का सम्मान करने सपरिवार डढिय़ा पहुंचे थल सेनाध्यक्ष

सीधी। थल सेनाध्यक्ष बिक्रम सिंह शुक्रवार को सपरिवार शहीद सुधाकर सिंह के गृह ग्राम डढिय़ा (सीधी) पहुंचे। उन्होंने शहीद की मां और पत्नी दुर्गा से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। दुर्गा की गोद में चार माह का बेटा भी था। सिंह ने कहा कि सुधाकर की पत्नी को प्रतिमाह 23 हजार से अधिक की नौकरी व 42 लाख रु. की सहायता दी जाएगी। थल सेनाध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि लांस नायक सुधाकर सिंह के शहादत की तुलना सोने चांदी और रुपयों से नहीं की जा सकती है।
ऐसे पहुंचे थल सेनाध्यक्ष: थल सेनाध्यक्ष बिक्रम सिंह के हेलीकाप्टर को शुक्रवार को चुरहट स्टेडियम पर सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर उतरना था मगर वह दोपहर साढ़े 12 बजे पहुंचे। तकरीबन 1 बज कर 5 मिनट पर कार से वह डढिय़ा गांव पहुंचे और 25 मिनट बाद गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।
ये भी शेर है,आर्मी में आएगा : शहीद लांस नायक सुधाकर सिंह के महज 4 माह के इकलौते दुधमुहे बेटे भास्कर को प्यार से दुलराते हुए थल सेनाध्यक्ष ने कहा कि ये भी शेर है और आर्मी में जाएगा। अपने शुभाषीश केे साथ उन्होंने उम्मीद जताई कि सुधाकर का बेटा आर्मी में जाकर देश का नाम रोशन करेगा।
पिता को ढाढस : श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद थल सेनाध्यक्ष विक्रम सिंह लांस नायक के पिता सच्चिदानंद सिंह के पास बैठे और उन्हें ढांढस बंधाया। उनकी पत्नी घर के अंदर पहुंचीं और उन्होंने भी शहीद की मां और पत्नी को सांत्वना दी।
इस दौरान सेन्ट्रल कमाण्ड लखनऊ के लेफ्टिनेन्ट जनरल अनिल चैत, मध्य भारत जबलपुर के मेजर अभिषेक गोस्वामी और कंवल प्रीत सिंह भी सपरिवार उनके साथ थे। लगे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे : थलसेनाध्यक्ष के आगमन के दौरान डढिया गांव में जमा भारी भीड़ भावातिरेक हो गई। इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और लांस नायक सुधाकर सिंह और हेमराज अमर रहे के नारे लगाए।
सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम: सेनाध्यक्ष विक्रम सिंह के सीधी दौरे के मद्देनजर चुरहट से लेकर डढिया गांव तक सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। पिछले दो दिनों से चुरहट छावनी में तब्दील रहा। इस दौरान डढिय़ा स्थित अमरशहीद के घर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। को अपने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। दो दिन पूर्व से ही चुरहट छावनी में तब्दील रहा। शुक्रवार को चुरहट स्टेडियम व मॉडल स्कूल सर्रा में भी फोर्स तैनात रही। कलेक्टर डॉ. मसूद अख्तर और एसपी धर्मेन्द्र चौधरी ने भी सभी एहतियाती कदम उठा रखे थे।
बिगड़ी दुर्गा की तबियत: राष्ट्र की वलिवेदी पर अपना सुहाग कुर्बान कर चुकीं लांस नायक सुधाकर सिंह की पत्नी दुर्गा सिंह की तबियत शुक्रवार को एकबारगी बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए चार माह के दुधमुहे बेटे भास्कर को चुरहट अस्पताल ले जाया गया। दोनों का चेकप करने वाले चिकित्सक आरएन वर्मा के मुताबिक दुर्गा में वीकनेस है तो बेटे को सर्दी-जुकाम और बुखार है।






