शरारती बच्चे ने पानी की बॉटल में मिला दी इंक, घटना से सीखें सबक

जबलपुर। तिलवारा रोड स्थित लिटिल वल्र्ड स्कूल में 7वीं कक्षा में पढऩे वाले 12 वर्षीय गीत पालन के किसी साथी ने उसकी पानी की बॉटल में गिलिस्टर पेन की इंक मिला दी, अंजाने में पानी पीते ही गीत बीमार पड़ गया। जिसके संबंध में स्कूल प्रबंधन ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने गीत को उपचार के लिये निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी तबीयत में सुधार बताया है। यह घटना गीत के साथ दोबारा घटी है। इससे पहले दो माह पूर्व भी किसी शरारती बच्चे ने उसकी बॉटल में इसी तरह इंक डाल दी थी। उस समय वह बीमार पड़ गया था। गीत के पिता जयेश पालन ने बताया कि उस समय भी स्कूल प्रबंधन से इस संबंध में चर्चा की गई थी, लेकिन सतर्कता नहीं बरती गई। वह शरारती बच्चा कौन है, इस संबंध में अब तक उन्हें जानकारी नहीं मिली है।
घटना से सबक लेंगे
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन की ओर से पंडित विश्वनाथ दुबे का कहना है कि स्कूल में 3 हजार बच्चे पढ़ते हैं। हर बच्चे की बॉटल की जांच करना संभव नहीं है। फिर भी ऐसी कोई घटना हुई है तो इसे सबक लेकर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।






