एक ऐसा खतरनाक एक्सीडेन्ट, जिसे देख लोगों के उड़े होश
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 03:03(10/02/12)
जबलपुर। मदन महल थाने के अंतर्गत यादव कॉलोनी पुलिस चौकी के समीप आज सुबह स्कूल से बच्ची को लेकर लौट रहा पिता मात्र दो पल में विकलांग हो गया। उसे ट्रक ने ऐसी टक्कर मारी कि उसका एक पैर घुटने के नीचे से बुरी तरह कुचल गया। यह देख उसकी बेटी सुधबुध खो बैठी, राहगीरों और अन्य स्थानीय लोगों ने तत्काल ही इसकी जानकारी पुलिस को दी और ट्रक चालक को पकड़ लिया गया। यह दुर्घटना ऐसी थी कि जिसने भी देखा उसके होश उड़ गए। सड़क पर खून और मांस के टुकड़े पड़े थे। इसे देखकर व्यापारी भी आक्रोशित हो उठे और उन्हांेने प्रदर्शन भी किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ा मुजावर मोहल्ला निवासी वारिश अली कादरी उम्र 48 वर्ष आज सुबह करीब 11.30 बजे अपनी बेटी को एमएलबी स्कूल से लेकर हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 20 केजे 7465 पर घर जा रहे थे। यादव कॉलोनी पुलिस चौकी के समीप वे सब्जी खरीदने रुके। इसके बाद जैसे ही वे मोटर साइकिल पर बैठ घर लौटने लगे, ट्रक क्रमांक एमपी 20 जी 6136 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया वारिश अली के बायें पैर के ऊपर से गुजर गया और वे काफी दूर तक ट्रक के पीछे ही घिसटते चले गए। सौभाग्य से टक्कर लगते ही वारिश की बेटी उछलकर दूर गिर गई। लोगों ने ट्रक को रुकवाया और वारिश को निकाला तो उसके पैर से खून की धार बह रही थी। पैर का पंजा पूरी तरह अलग हो चुका था। तत्काल ही उन्हें स्थानीय एमएच हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।