10 लाख का ब्याज 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार! चौंकिए मत
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 03:44(09/02/12)
जबलपुर। ओमती थाने की पुलिस ने 10 लाख रुपये का 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये ब्याज वसूलने के बाद भी धमकाने वाले एक सूदखोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं। थाना प्रभारी एसएन पाठक ने बताया कि नेपियर टाउन निवासी विवेक भमौरे ने एसपी संतोष कुमार सिंह को लिखित शिकायत में बताया था कि उसने वर्ष 1999 से लेकर 2001 के बीच गणोश यादव निवासी धोबीघाट से कई किश्तों में होटल बनवाने के लिये ब्याज से 10 लाख रुपये उधार लिये थे। पिछले 10 वर्षो में उसने अपनी सम्पत्ति बेचकर गणोश को चैकों के माध्यम से 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये दे दिये हैं। इसके बाद भी गणोश का हिसाब खत्म नहीं हुआ है, वह और रुपयांे की मांग लगातार कर रहा है। अगर मूलधन रकम 10 लाख रुपये पर 10 वर्ष का ब्याज जोड़ा जाये तो 15 लाख रुपये होता है।
बंदूक लेकर पहुंचा था
शिकायत में विवेक ने बताया कि गणोश ने रुपये देते समय होटल गोदावरी में भागीदारी पत्रक सुरक्षा के रूप में बनवाया था। वर्ष 2011 फरवरी माह में ब्याज के साथ पूरे रुपये वापस कर देने के बाद भी गणोश यादव नहीं माना और बंदूक लेकर उसके घर में घुस आया और एक कोरे स्टाम्प पर उसने बंदूक की धौंस देते हुए हस्ताक्षर करा लिये थे।
ऐसे दी ब्याज की किश्तें
पीड़ित ने बताया कि उसने वर्ष 2004 में नेपियर टाउन स्थित मकान के नाम पर हाउसिंग लोन लेकर 15 लाख रुपये गणोश को दिये, इसके बाद सैन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया से होटल का एक हॉल मॉडगेज करने 9 लाख रुपये दिये। इसके पश्चात होटल का मैरिज हॉल बेच कर 10 लाख रुपये साथ ही प्लॉट एवं करमचंद चौक के पास का ऑफिस बेचकर साढ़े चार लाख रुपये दिये थे। वर्ष 2006 में गणोश के यहां छापा पड़ा तो वह पुन: उसे परेशान करने लगा, जिस पर उसने वर्ष 2007 में 12 लाख रुपये, 2008-09 में 15 लाख रुपये की राशि चैक के माध्यम से दी थी, इसके बाद भी उसने धमका कर वर्ष 2011 में एक कोरे स्टाम्प पर हस्ताक्षर करा लिये। पुलिस ने शिकायत पर जांच कर अपराध दर्ज करते हुए गणोश की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं।