गोद में मां को लेकर पहुंचा मुखिया के दरबार

जबलपुर। घर के सम्पत्ति विवाद से परेशान एक पुत्र अपनी मां को गोद में लिए हुए कलेक्टर के दरबार पहुंचकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मजीठा निवासी रामप्रसाद का कहना था कि उसकी जमीन को घरवालों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। अपनी मां भगवती बाई को लेकर पहुंचे रामप्रसाद ने बताया कि उसकी कहीं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिसके बाद कलेक्टर साहब के पास न्याय की गुहार लगानी पड़ी है। रामप्रसाद द्वारा कलेक्टर से विवाद का निपटारा करने की मांग की गई है।
धोखाधड़ी कर हड़पी जमीन - कलेक्टे्रट में आज जनसुनवाई के दौरान के कुण्डम तहसील के तिलसरा से आए आदिवासी किसान सुकल सिंह ने दो लोगों पर आरोप लगाया है कि उसकी पांच एकड़ जमीन धोखाधड़ी से हड़प ली गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संतोष राय एवं संतोष पटेल को दो एकड़ भूमि 1 लाख 62 हजार में बेचने का सौदा किया गया था, लेकिन बाद में दोनों व्यक्तियों द्वारा उसकी पांच एकड़ भूमि की बिक्री पर धोखे से हस्ताक्षर करा लिए गये। इसके साथ ही खरीददारों द्वारा दिये गये चेक भी बाउंस हो गये। दोनों व्यक्तियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
जबरन मकान बेचने की धमकी- इसी तरह अधारताल निवासी विजय विश्वकर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके मकान को जबरन बेचने की धमकी कुछ लोगों द्वारा दी जा रही है। विगत दिनों कुछ गुण्डा तत्वों द्वारा उसके घर में हमला कर तोडफ़ोड़ की गई थी। इसकी शिकायत पुलिस में करने पर भी मामला दर्ज नहीं किया जा रहा है। शिकायत में सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
शासकीय पट्टा में अवैध खनन - पनागर के ग्राम मझगवां में इंदिरा आवास योजना के तहत दिये गये पट्टों में अवैध उत्खनन का आरोप लगाया गया है। शिकायत में पटवारी द्वारा हलका नंबर 15 के खसरा नंबर 1314 अवैध में उत्खनन का आरोप लगाया गया है।
छात्रवृत्ति देने की मांग- बीएड के वर्ष 2010-11 के छात्रों ने आज जनसुनवाई में छात्रवृत्ति दिलाने की मांग की है। छात्रों ने बताया कि विभाग द्वारा छात्रों का 7700 रुपये के चेक दिये गये हैं, जबकि उनकी फीस 25 हजार रुपए है। साथ ही कॉलेज में ही अन्य छात्रों को 17,000 हजार रुपए छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।






