अस्पताल में बंदर की इस हरकत को देख दंग रह गए सब
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 02:50(10/02/12)
जबलपुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में आज दोपहर के वक्त बंदरों ने घण्टों उत्पात मचाया। उत्पात मचाने वाले बंदर एक उदर रोग से पीड़ित व्यक्ति की दवाइयों से भरी पॉलीथिन भी ले उड़े। जानकारी के अनुसार शोभाराम कोष्टा नाम का मरीज जब एक्स-रे विभाग के पास खड़ा था, तभी उसके ऊपर बंदरों ने हमला कर दिया। किसी तरह मरीज तो अपनी जान बचाकर भाग निकला, लेकिन उसके हाथ में जो दवा से भरी पॉलीथिन थी, वह बंदर ले गये। पीड़ित ने बताया कि जो दवा वाली पॉलीथिन बंदर ले गये हैं, उनमें प्रतिजैविक दवाएं कम और विटामिन की गोलियां ज्यादा हैं। प्रतिजैविक दवा मेडिकल से मिली थीं तो विटामिन की कुछ गोलिया हैं, जो डॉक्टर ने प्रिसक्राइब कीं, पर मेडिकल से नहीं मिली। इन्हें दोपहर के वक्त बाहर से खरीद लाये, जिन्हें बंदर छीन ले गये।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अक्सर दोपहर के वक्त जब मरीजों को खाना दिया जाता है तब ये उत्पाती बंदर देवताल की पहाड़ियों से आकर मेडिकल अस्पताल में उत्पात मचाते हैं। अस्पताल के आसपास उत्पात मचाने वाले बंदरों को पकड़ने के लिये अनेक बार प्रयास हुए, लेकिन इनको पकड़ा नहीं जा सका। अक्सर देखने में यही आता है कि यह मरीजों की दवा जब भी ले जाते हैं, उनमें यदि कोई मीठा सिरप या फिर विटामिन की गोलियां हैं तो उनको ये जल्द ले भागते हैं।