फिलहाल जारी रहेगी ऑनलाइन पाइरेसी
Source: bhaskar network | Last Updated 05:05(22/01/12)
अमेरिकी कांग्रेस ने ऑनलाइन पाइरेसी यानी नकल को रोकने के लिए लाए जाने वाले दो बिल प्रोटेक्ट आईपी एक्ट (पीपा) और स्टॉप ऑनलाइन पाइरेसी एक्ट (सोपा) को स्थगित कर दिया है। कांग्रेस ने ये कदम गूगल और विकीपीडिया जैसी बड़ी ऑनलाइन कंपनियों के कड़े विरोध के बाद उठाया है। अमेरिकी सीनेट और प्रतिनिधि सभा ने घोषणा की है कि वो इस कानून पर मतदान फिलहाल स्थगित कर रहे हैं।
अमेरिकी उच्च सदन सीनेट में बहुमत के नेता हैरी रीड ने प्रोटेक्ट आईपी एक्ट (पीपा) पर होने वाला मतदान टाल दिया है। संसद के कानून मामलों की समिति के अध्यक्ष लामर स्मिथ ने कहा है कि समिति तब तक स्टॉप ऑनलाइन पाइरेसी एक्ट (सोपा) पर विचार नहीं करेगी, जब तक इस पर सहमति नहीं बन जाती। दोनों ही कानूनों का इंटरनेट कंपनियों ने व्यापक विरोध किया था। ऑनलाइन इनसाइक्लोपीडिया विकीपीडिया ने इसके विरोध में अपनी साइट को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया था, जबकि गूगल ने ऑनलाइन ज्ञापन का अभियान छेड़ दिया था।
समर्थन घटा
सांसदों को भेजे गए ई-मेल, फोन कॉल्स और हजारों की संख्या में वेबसाइटों के संयुक्त विरोध के बाद संसद में इन विधेयकों का राजनीतिक समर्थन घटने लगा था। लोगों ने सड़कों पर उतरकर भी इसका विरोध किया था। गूगल के जरिए करीब 70 लाख लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कहा गया था कि इन कानूनों से वेबसाइट्स पर सेंसर शुरू हो जाएगा और व्यवसाय पर बोझ बढ़ेगा। पीपा विधेयक के समर्थन में करीब 40 प्रस्तावक थे, लेकिन विरोध के बाद बहुत से सांसदों ने अपना समर्थन वापस ले लिया था। दोनों ही विधेयकों में ऑनलाइन नकल रोकने का प्रावधान किया गया है। खासतौर से फिल्म और दूसरे मीडिया की अनधिकृत कॉपी के उपयोग को रोकने का। हालांकि, अमेरिकी मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन ने कॉपी राइट्स की रक्षा के लिए इन विधेयकों समर्थन किया है।
पक्ष में है तर्क
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने पिछले महीने नीदरलैंड की सरकार और गूगल की ओर से डिजिटल स्वतंत्रता पर आयोजित एक सम्मेलन में कहा था कि दुनियाभर में सरकारों की ओर से इंटरनेट को नियंत्रित करने के प्रयास खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका इंटरनेट की स्वतंत्रता को दुनियाभर में अपने द्वारा किए जा रहे काम में शामिल करेगा। उन्होंने देशों और निजी उद्योग-धंधों से आग्रह किया कि वो इंटरनेट की स्वतंत्रता को बाधित करने के बढ़ते प्रयासों से लड़ें। इंटरनेट पर प्रतिबंध लगाने से केवल लोगों की मूलभूत स्वतंत्रता और मानवाधिकार के साथ ही अंतरराष्ट्रीय व्यापार भी प्रभावित होगा। क्लिंटन ने कहा था कि जब विचार बाधित होते हैं, सूचनाएं मिटा दी जाती हैं, बातचीत को रोका जाता है और लोगों को मिलने वाले चयन के अवसरों में कमी कर दी जाती है तो इंटरनेट हम सबके लिए कमजोर हो जाता है।
विपक्ष में यह है कहना
हैरी रीड ने कहा कि नकल और चोरी से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को हर वर्ष करोड़ों डॉलर का नुकसान होता है। इसके साथ ही यह लाखों नौकरियों पर खतरा पैदा करता है। उन्होंने कहा कि अकेले मूवी इंडस्ट्री पर २२ लाख नौकरियां इससे प्रभावित होती हैं। रीड ने कहा कि इस गैरकानूनी काम के खिलाफ हमें कोई कदम उठाना ही होगा। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसे देश में रहते हैं जहां लोगों को यह अधिकार है कि उन्हें रोज के काम के लिए उचित मुआवजा दिया जाए चाहें वह व्यक्ति स्वतंत्र बैंड का हिस्सा हो या कैलिफोर्निया मूवी स्टूडियो में काम करने वाला हो।