रेल टिकट में खेल, दलाल की डायरी ने उगले राज
Source: Bhaskar News | Last Updated 06:55(06/02/12)
जबलपुर. एक रेल टिकट दलाल की डायरी में साफ-साफ अक्षरों में लिखा है कि उसने जीआरपी को 1000 रुपए की रिश्वत दी है, ताकि वो अपनी दलाली का काम बेखौफ होकर कर सके। इस दलाल ने डायरी में अपने दूसरे खर्चों का ब्यौरा भी लिखा है।
आरपीएफ ने कल मोहम्मद शफी नाम के दलाल को शिकंजे में लिया है। हनुमानताल का रहने वाला ये शातिर दलाल लम्बे समय से आरपीएफ को छका रहा था, लेकिन पुलिस ने इसे सुबह 8 बजे स्टेशन के आरक्षण केन्द्र में दबोच लिया, जब ये टिकट लेकर लौट रहा था।
और क्या है!- इस दलाल की डायरी में जीआरपी को दी गई रिश्वत के अलावा दर्ज है कि उसे कुल 28 हजार रुपए प्राप्त हुए थे, जिनमें से 18 हजार रुपए टिकटों की खरीदी में खर्च हो चुके हैं। आगे लिखा है कि उसने 250 रुपए किसी दलाल को दिये हैं, इसके अलावा 750 की राशि शफी ने खर्च कर दिये हैं। इस हिसाब से इस दलाल के पास अब 8 हजार रुपए शेष हैं, जो पता नहीं कहां रखे गए हैं।
वो कौन है?- रेल सुरक्षा बल का टारगेट वो आदमी है, जिसे बताने के लिए शफी ने डायरी में हिसाब-किताब लिखा था। ये व्यक्ति कौन है और कहां रहता है। यही वो आदमी है, जिसने शफी को पैसे दिये होंगे और टिकटों का ब्यौरा भी, जो खरीदी जाने वाली हैं। आरपीएफ शफी से पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक इसने कोई खास जानकारी नहीं दी है। दलाल के पास से एक मोबाइल भी जब्त किया गया है, जिसमें टिकट कराने वालों के नम्बर, नाम और पते दर्ज हैं। ये मोबाइल भी कई राज खोल सकता है।