पारे में गिरावट थमी तो सर्द हवा ने दी दस्तक
Source: Bhaskar News | Last Updated 08:45(21/12/11)
ग्वालियर. शहर के तापमान में गिरावट का दौर फिलहाल थम गया है, लेकिन सुबह-सुबह छाए कुहासे और इसके बाद चली शीत लहर ने मंगलवार को जनजीवन को प्रभावित किया। दिन भर 6 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से उत्तर पश्चिम दिशा से ठंडी हवा चलती रही।
सुबह-सुबह छाए कुहासे के कारण शहर में दृश्यता का स्तर 500 मीटर तक गिर गया, लेकिन इसके बाद हवा चलने के कारण दिन चढ़ने के साथ-साथ आसमान लगभग साफ हो गया। इसके बाद खिली धूप ने शहरवासियों को काफी हद तक सर्दी से राहत पहुंचाई, लेकिन दिनभर चली तेज हवा ने खासा परेशान किया।
पिछले दिन की तुलना में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, यह सामान्य से 2 डिग्री नीचे रहा। अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।