सिर्फ 100 रुपए में केबल पर 100 फ्री टू एयर चैनल

नई दिल्ली . भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने डिजिटल केबल नेटवर्क के नए नियमों की घोषणा की है। इनके मुताबिक 100 फ्री टू एयर चैनल अब अधिकतम 100 रुपए के शुल्क पर देखे जा सकेंगे। नियम 30 जून से प्रभावी होंगे।
ट्राई के आदेश में कहा गया कि केबल ऑपरेटरों को बेसिक सर्विस टायर (बीएसटी) की सुविधा आवश्यक रूप से उपभोक्ताओं को देनी होगी। हालांकि बीएसटी लेने या न लेने के लिए उपभोक्ता स्वतंत्र होंगे। बीएसटी में 100 फ्री टू एयर चैनल दिखाने जरूरी होंगे। इनमें 18 चैनल अनिवार्य होंगे।
अनिवार्य चैनलों में दूरदर्शन के चैनल और लोकसभा चैनल आदि रहेंगे। ग्राहकों को अगर बीएसटी के अलावा कुछ पे-चैनल देखने हैं तो 150 रुपए मासिक के शुल्क पर केबल ऑपरेटर से इनकी सुविधा ले सकते हैं। ग्राहक जिन पे-चैनलों की सुविधा ले रहे हैं अगर उनका शुल्क 150 से ज्यादा है तो उनकी जितनी फीस होगी वह देनी पड़ेगी।
बीएसटी के तहत ट्राई द्वारा निर्धारित हर श्रेणी में कम से कम पांच चैनल दिखाने होंगे। ये श्रेणियां हैं-जनरल एंटरटेनमेंट चैनल (जीईसी) इन इंग्लिश, जीईसी इन हिंदी, रीजनल, म्यूजिक, न्यूज, मूवीज, स्पोट्र्स, किड्स, इन्फोटेनमेंट, लाइफस्टाइल। ट्राई ने चार महानगरों में केबल टीवी के डिजिटलाइजेशन की समय सीमा 30 जून 2012 तय की है। देशभर में इस काम के लिए दिसंबर 2014 की समय सीमा निर्धारित है।





