2जी : एस्सार-लूप समूह की याचिका पर सुनवाई 17 को
Source: bhaskar network | Last Updated 11:13(10/02/12)
नई दिल्ली। 2जी घोटाले में फंसे एस्सार और लूप समूह ने अपने खिलाफ विशेष सीबीआई अदालत मे आपराधिक मुकदमा दर्ज किए जाने को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उनकी मांग है कि उन पर मजिस्ट्रेट की अदालत में मुकदमा चलाया जाए। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जीएस सिंघवी की अध्यक्षता वाली बेंच ने उनसे अलग से आवेदन करने के बजाय 2जी मामले में अपील के तौर पर आवेदन करने का निर्देश दिया। मामले की सुनवाई 17 फरवरी को होगी।
इन कंपनियों की दलील है कि 2जी घोटाले में उनके खिलाफ सुनवाई मजिस्ट्रेट की अदालत में हो, न कि सीबीआई की विशेष अदालत में। क्योंकि उन पर आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है न कि भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत। शीर्ष कोर्ट ने निर्देश एस्सार समूह की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे के यह बताने पर दिया कि कंपनी इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट गई है। जहां से उसे सुप्रीम कोर्ट से इस बारे में स्पष्टीकरण लेने का निर्देश मिला है कि हाईकोर्ट इस मामले की सुनवाई और इस पर निर्णय ले सकता है या नहीं।
इत्तिस्लात ने 8.27 करोड़ डॉलर निवेश की राशि बट्टे खाते में डाली :
टेलीनॉर के बाद अब यूएई की कंपनी इत्तिस्लात ने 2जी मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की पृष्ठभूमि में नई मोबाइल कंपनी इत्तिस्लात-डीबी में अपनी 8.27 करोड़ डॉलर की निवेश राशि को बट्टे खाते में डालने का फैसला किया है। इत्तिस्लात की भारतीय कंपनी में 45 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। पिछले हफ्ते नॉर्वे की कंपनी टेलीनॉर एएसए भारतीय कंपनी में लगाई गई 72.10 करोड़ डॉलर की निवेश राशि बट्टे खाते में डालने का फैसला कर चुकी है। टेलीनॉर नई दूरसंचार कंपनी यूनीनॉर में मुख्य शेयरधारक है।