हैदराबाद। बुधवार को आदिलाबाद के निर्मल टाउन की एक अदालत ने अकबरूद्दीन को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। भड़काऊ भाषण देने वाले विधायक
अकबरुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थक आंध्र प्रदेश के आदिलाबाद में हिंसा फैला रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दो न्यूज चैनलों की ओबी वैन पर पथराव किया।
एक समुदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने वाले आंध्रप्रदेश के विधायक अकबरूद्दीन ओवैसी को कल गिरफ्तार कर लिया गया है। मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन के सदस्य ओवैसी ने आठ दिसंबर को निजामाबाद में आपत्तिजनक भाषण दिया।
इसके बाद 24 दिसंबर को आदिलाबाद के निर्मल टाउन में दो घंटे तक ऐसी बयानबाजी की। इस बीच आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन से मिलकर मामले पर चर्चा की है। यू-ट्यूब पर ओवैसी के भाषण का वीडियो 27 दिसंबर को सामने आया। निर्मल टाउन मामले में वकील काशिमशेट्टी करुणासागर ने उनके खिलाफ 28 दिसंबर को कोर्ट में पहली शिकायत दर्ज कराई।
विफल रही बचाव की कोशिश
अकबरूद्दीन ओवैसी ने अपने खिलाफ दाखिल तीनों एफआईआर खारिज करने के लिए आंध्रप्रदेश हाईकोर्ट में अर्जी लगाई थी। लेकिन कोर्ट ने उन्हें पहले पुलिस के सामने पेश होने को कहा था।
आगे क्या : विधायक के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष के सामने भी शिकायत दर्ज कराई गई है। फैसला होना बाकी है।
सियासी रंग: भाजपा और उससे जुड़े दूसरे हिन्दू संगठनों ने कांग्रेस पर ओवैसी का बचाने का आरोप लगाया। निजामाबाद के भाजपा विधायक लक्ष्मी नारायण ने निर्मल टाउन में धरना दिया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने दिल्ली में ओवैसी के घर पर हमला किया।