गुवाहाटी मामला : किसी भी कुर्बानी के लिए तैयार हैं अलका लांबा

नई दिल्ली। गुवाहाटी में लड़की से छेड़छाड़ के मामले को लेकर विवादों में आए समाचार चैनल 'न्यूजलाइव' के एडिटर इन चीफ अतनु भुइयां ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, 'न्यूज लाइव ने कुछ भी गलत नहीं किया है। इस मामले में आरोपी तभी पकड़े गए जब चैनल ने वीडियो दिखाया।' भुइयां ने गुवाहाटी के एक पब के बाहर लड़की के साथ छेड़छाड़ का वीडियो अपने चैनल पर प्रसारित करने की वजह से अपना पद छोड़ा है।
उधर, मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भी अपने दफ्तर की ओर से पीड़ित लड़की का नाम सार्वजनिक होने पर मंगलवार को माफी मांगी। सोमवार को सीएम ऑफिस की ओर से इस लड़की का नाम उसकी तीन फोटो भी मीडिया में जारी की गई थीं। यह हाल तब है जब गोगोई ने लड़की की पहचान सार्वजनिक करने के लिए लांबा की आलोचना की थी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने अलका लांबा को पीड़ित लड़की की पहचान जाहिर करने पर जांच पैनल से हटा दिया था।







