लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस की तीखी आलोचना की है। लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीएसपी और एसपी पर निशाना साधते हुए जेटली ने कहा, 'बीएसपी और समाजवादी पार्टी के राज में उत्तर प्रदेश में गुंडाराज और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है।'
वहीं, कांग्रेस की खिंचाई करते हुए जेटली ने कहा, 'कांग्रेस केंद्र में अपनी सरकार को मजबूती देने के लिए सपा या बसपा की पूंछ बनेगी।' बीजेपी नेता ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी के भविष्य के बारे में कहा, 'सूबे में हमारी पार्टी तेजी से राजनीतिक जमीन हासिल कर रही है।' बीजेपी के शासन के बारे में जेटली ने कहा कि सभी राज्यों में बीजेपी के शासन के दौरान हमारी पार्टी ने साफ सुथरी सरकार दी है। चुनाव नतीजे आने के बाद क्या बीजेपी किसी पार्टी के साथ गठजोड़ करेगी? इस सवाल के जवाब में जेटली ने कहा, 'बीजेपी चुनाव के बाद भी किसी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।'