केजरीवाल देशद्रोही? वकील ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
अहमदाबाद/इंदौर. देश की न्यायिक व्यवस्था पर सार्वजनिक रूप से अविश्वास जताने और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी को लेकर बयानबाजी को लेकर टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य अरविंद केजरीवाल मुश्किल में दिखाए दे रहे हैं। इंदौर के एक वकील ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उनका कहना है कि केजरीवाल पर देशद्रोह का केस चलाना चाहिए। याचिकाकर्ता इंद्रजीत सिंह भाटिया ने बताया कि कोर्ट ने केजरीवाल के खिलाफ उनकी शिकायत अर्जी पर सुनवाई के लिए 30 जून की तारीख तय की है।
भाटिया की अदालत से गुहार है कि इंदौर में 19 जून को एक सार्वजनिक सभा के दौरान भड़काऊ भाषण के लिए केजरीवाल के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 124 (ए) और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा चलाया जाना चाहिए। याचिकाकर्ता के मुताबिक, 'केजरीवाल ने इस सभा में कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक कानून भ्रष्टाचारियों को सजा नहीं, बल्कि संरक्षण देते हैं। उन्होंने अपने भाषण में यह भी कहा कि अगर मुखर्जी भारत के राष्ट्रपति बन गए तो, यह देश की सुरक्षा के लिए खतरा साबित होगा।' भाटिया ने कहा, 'अपने भाषण में केजरीवाल ने न्यायिक व्यवस्था और कानून पर सीधा अविश्वास जताया। इसके साथ ही, उन्होंने मुखर्जी जैसे वरिष्ठ नेता के खिलाफ बेतुकी बयानबाजी की जो लंबे समय तक अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।'
दूसरी तरफ, टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के नेता नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अहमदाबाद पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि मोदी अपने मंत्रियों को बचा रहे हैं। जब केजरीवाल से पूछा गया कि क्या वे मोदी को भ्रष्ट मानते हैं, तो जवाब में केजरीवाल ने कहा, 'मेरे पास ऐसा कोई सुबूत नहीं है, जिससे साबित हो सके कि मोदी भ्रष्ट हैं। लेकिन जिन मंत्रियों के खिलाफ आरोप हैं, उनके खिलाफ जांच करने की इजाजत न देकर मोदी उन्हें बचा रहे हैं। इसके अलावा वे 9 सालों से लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं कर रहे हैं और सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। अगर गुजरात के प्रधान सचिव भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, तो उनकी जांच कौन करेगा? कोई अथॉरिटी नहीं है, जो मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आरोपों की जांच कर सके। लगता है कि गुजरात सरकार के लिए भ्रष्टाचार कोई मुद्दा नहीं है। यहां सब कुछ सबके लिए फ्री है।' गांधीनगर जिले में एक समुदाय की जमीन को रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय को दिए जाने के विरोध में आवाज़ बुलंद करने के लिए केजरीवाल गुजरात पहुंचे है।









