अब नए एलपीजी सिलेंडरों पर बैन
dainikbhaskar.com
| Sep 28, 2012, 10:08AM IST

नई दिल्ली. आम जनता की मुसीबतें और बढ़ने जा रही है। यूपीए सरकार द्वारा रियायती सिलेंडरों की संख्या सीमित करने के ऐलान के बाद सरकारी तेल कंपनियां नए एलपीजी कनेक्शन पर बैन लगाने जा रही हैं। इंडियन ऑयल ने इस सिलसिले में फरमान जारी कर दिया है। अन्य कंपनियां भी इसी राह चलने की तैयारी में हैं।
'इंडियन एक्सप्रेस' में छपी खबर के मुताबिक एलपीजी कनेक्शन वाले ग्राहकों के नाम-पते का सर्वे जारी है और जब तक यह सर्वे खत्म नहीं हो जाता, तब तक नए सिलेंडर नहीं जारी किए जाएंगे। हालांकि इस दौरान नए सिलेंडरों के लिए बुकिंग स्वीकार की जाएगी।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन कंपनियां सब्सिडी वाले सिलेंडर के हिसाब-किताब में व्यस्त हैं। ये कंपनियां अपने गैस कनेक्शन धारकों और एक से अधिक कनेक्शन धारकों की सर्च रिपोर्ट के डाटा को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर लाने की कवायद में जुटी हैं। इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक घर में एक कनेक्शनधारक को 14 सितंबर 2012 से लेकर 31 मार्च 2013 तक की अवधि में तीन सिलेंडर ही मिलें और सब्सिडी का दुरुपयोग न हो। इस तरह नया गैस कनेक्शन लेने वालों को अभी 15 दिन और इंतजार करना पड़ेगा।








