कर्नाटक के ‘ट्रिपल एक्स मिनिस्टर’ की जांच के लिए स्पीकर ने बुधवार को समिति बना दी। इसी के साथ शुरू होगा फाइलों का सिलसिला। नेताओं के अपराधियों से संबंधों को उजागर करने के लिए बनी केंद्र और राज्यों की कई कमेटियों में ऐसा ही होता रहा है। अधिकृत रिपोर्टो में हर बार सिद्ध हुआ है कि गठजोड़ सक्रिय है। और इसे खत्म किया जाना चाहिए। लेकिन हुआ कुछ नहीं। नैतिक पतन के किस्सों को सामने लाती श्रंखला की पहली कड़ी-
नई दिल्ली, बेंगलुरू, जयपुर, रांची, भोपाल.‘ऐसा गठजोड़ देश में समानांतर सरकारें चला रहा है। बिहार, हरियाणा, यूपी जैसे राज्यों में तो विदेशी एजेंसियों से संबंध रखने वाले आपराधिक गिरोह को नेताओं को संरक्षण मिला हुआ है।’
यह कहना था वोहरा कमेटी का। जो 1993 में नरसिंह राव सरकार द्वारा नेता, अफसर, पैसे वालों और अपराधियों की सांठगांठ की जांच के लिए बनाई गई थी। रिपोर्ट पर हुआ कुछ नहीं। इस तरह की कई रिपोर्टे मंत्रालयों में धूल खा रही हैं।
कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त जस्टिस संतोष हेगड़े साफ कहते हैं कि अकेले बेल्लारी में 600 से ज्यादा अफसरों ने माफिया और नेताओं से सांठ-गांठ कर कानूनों को मनमाफिक तोड़-मरोड़ रखा है।
बात करते हैं गोस्वामी कमेटी की। जिसे 1990 में जनमोर्चा सरकार ने बनाया था। छह महीने में सौंपी अपनी रिपोर्ट में इसने राजनीतिक दलों का चंदा बंद करने की बात कही। अमल होने से पहले ही सरकार चली गई।
कुछ ऐसा ही हश्र हुआ 1998 में बनी इंद्रजीत गुप्त समिति का। जिसने सरकारी खर्च पर चुनाव की संभावनाओं को टटोला तो गहराई से था। लेकिन सुझाव पर सरकार अमल करने की हिम्मत नहीं दिखा पाई। इसी मिलीभगत को 1999 में विधि आयोग नेताओं के नैतिक पतन के लिए जिम्मेदार ठहरा चुका है।
चंद महीनों बाद ही पुराने रुतबे पर लौट आए नेता और अफसर...
भाजपा के संजय जोशी -
आरोप : 2005 में एक सीडी में महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखे। राजनीतिक कद: तब पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और मध्यप्रदेश के प्रभारी थे।
कार्रवाई : पद से हटा दिए गए। जांच हुई। कुछ दिन भाजपा से बाहर भी रहे।
आज कहां : यूपी चुनाव प्रभारी।
भाजपा के सत्यानंद झा
आरोप : 2011 में महिला से अवैध संबंधों के बाद गुपचुप शादी।
कद: झारखंड सरकार में मंत्री।
कार्रवाई : महिला ने कहा सत्यानंद ने धमकी दी कि केस किया तो फांसी लगा लूंगा। इसलिए केस नहीं किया।
आज कहां : सरकार में कृषि मंत्री।
अकाली दल के गगनजीत
आरोप: नौकरानी से बलात्कार।
राजनीतिक कद: पंजाब के धूरी से विधायक। पूर्व सीएम व तमिलनाडु के राज्यपाल रहे सुरजीत बरनाला के बेटे।
कार्रवाई : गगन जेल गए। केस चला। लेकिन 2009 में आरोप मुक्त हुए।
आज कहां : पंजाब चुनाव में प्रत्याशी।
मप्र के आईएएस अफसर
ज्ञानेश्वर पाटिल दफ्तर में समलिंगी संबंध बनाते कैमरे में कैद हुए
आरोप: पंचायत सचिव सतीश चौकसे के साथ 18 जून 09 को ऑफिस के बॉथरूम में आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
कार्रवाई : पाटिल को मुख्य सचिव ने निलंबित कर दिया था। जांच भी हुई।
आज कहां : श्योपुर के कलेक्टर हैं।
झारखंड के आईजी, डीआईजी
हयात और नटराजन पर आदिवासी महिला से बलात्कार का आरोप
आरोप : हयात पर 2004 में महिला से बलात्कार का आरोप। जांच आईजी नटराजन को सौंपी। महिला ने 2005 में उन पर भी बलात्कार का आरोप लगाया।
कार्रवाई : हयात की जांच, नटराजन सस्पेंड।
आज कहां : हयात प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली।
अमृतसर के पूर्व महापौर
सुभाष शर्मा होटल में रंगेहाथों पकड़ाए, सस्पेंड हुए, पार्टी में लौटे, पद भी मिला
आरोप: 2000 में एक होटल में लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
कार्रवाई : भाजपा ने पद से हटाया।
पार्टी से सस्पेंड भी कर दिया।
आज कहां : 2012 में सारे गुनाह माफ करते हुए जिला उपाध्यक्ष बना दिया।
सुर्खियां ये भी
कांग्रेस की राजस्थान सरकार के मंत्री महिपाल मदेरणा और विधायक विश्नोई भंवरी देवी से अवैध संबंध और हत्या के आरोप में जेल में बंद। भाजपा नेता भैयाराजा, विधायक आशारानी पर नौकरानी तिज्जीबाई के अपहरण और अवैध संबंध बनाने का आरोप। पन्ना से विधायक रहे भैयाराजा दो साल से जेल मे बंद।
ठेकेदारों ने खरीद रखा है नेता-अफसरों को
अवैध शराब के ठेकेदारों ने जनप्रतिनिधियों, पुलिस अफसरों को खरीद लिया है। इसीलिए ये निरंकुश और बेखौफ हैं।
- सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस वीएस सिरपुरकर ने केरल में अवैध शराब के बढ़ते मामलों पर अप्रैल 2011 में तीखी टिप्पणी की।
आरोपों के किस्से बनकर रह गईं कलंक की अनगिनत कहानियां
टिप्पणीः सिर धुनने के लिए, हाथ मसलने के लिए
कल्पेश याग्निक: कलंकित नेता बने ही रहेंगे, यदि हम सहन करते रहेंगे
रेप का नहीं, पोर्न वीडियो ही देख रहे थे मंत्री