4.5 लाख इनकम पर इंजीनियरिंग की पढाई फ्री
नई दिल्ली. ऐसे बच्चे भी अब इंजीनियरिंग की फ्री पढ़ाई कर सकेंगे, जिनके अभिभावकों की इनकम 4.5 लाख रुपये सालाना है। ऐसा इस वजह से हुआ है कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए आरक्षित सीटों पर 2012-13 से होने वाले एडमिशन में अभिभावकों की आय सीमा बढ़ा दी गई है। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) ने यह बदलाव किया है, जिसे यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) की 14 जुलाई से होने वाली काउंसलिंग में भी शामिल कर लिया गया है।
एआईसीटीई से संबद्ध इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, फार्मेसी, होटल मैनेजमेंट और फैशन डिजाइनिंग के पाठ्यक्रमों में पांच फीसदी सीटें आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए आरक्षित हैं। पिछले साल तक इन सीटों पर 2.5 लाख रुपये सालाना इनकम वाले अभिभावकों के बच्चों को दाखिला देने का प्रावधान था। लेकिन 2012-13 से इस आय सीमा को बढ़ा कर 4.5 लाख रुपये कर दिया गया है।









