तेलंगाना के मुद्दे पर पसोपेश में कांग्रेस
नेशनल ब्यूरो
| Feb 06, 2013, 13:39PM IST

नई दिल्ली. तेलंगाना के मुद्दे पर कांग्रेस अब भी पसोपेश में पड़ी हुई है। पार्टी में अभी तक इस मसले पर आम राय नहीं बन पाई है। पार्टी और सरकार के रणनीतिकारों के बीच शीर्ष स्तर पर हुई बातचीत में तेलंगाना के लिए दार्जिलिंग की तर्ज पर एक क्षेत्रीय परिषद बनाने का प्रस्ताव संभावित विकल्पों में सबसे ऊपर है। हालांकि पार्टी का एक गुट चाहता है कि अलग तेलंगाना के मसले पर पार्टी कोई ठोस व अंतिम फैसला करे। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'तेलंगाना के लिए अलग काउंसिल बनाने के प्रस्ताव पर कई दौर की बातचीत हुई है। हम इसके प्रभाव का आकलन कर रहे हैं।'
पार्टी में तमाम नेता हैं, जो मानते हैं कि अलग राज्य बनाने के प्रस्ताव से ज्यादा व्यावहारिक फैसला तेलंगाना क्षेत्रीय परिषद के गठन का होगा। अलग राज्य की मांग स्वीकार करने से पार्टी को अन्य राज्यों में भी इस तरह की मांग सिर उठाने का खतरा लग रहा है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी पिछले कई दिनों में इस मसले पर प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सहित कई नेताओं से मिल चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद भी अलग-अलग नेताओं से इस मसले पर मशविरा कर चुकी हैं। तेलंगाना से जुड़े सांसदों का दबाव है कि पार्टी कोई भी फैसला बजट सत्र से पहले करे। फैसला न होने पर बजट सत्र में व्यवधान की आशंका जताई जा रही है।







