फरीदाबाद। फरीदाबाद में 11वीं की एक छात्रा की गला काटकर हत्या कर दी गई। छात्रा के परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। नेशनल हाइवे पर चक्काजाम भी किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
घटना शहर के सिमरन पेइंग गेस्ट हाउस की है। गुरुवार शाम छात्रा ट्यूशन के बहाने घर से निकली थी। लेकिन एक युवक सोनू के साथ उसने पेइंग गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराया था। पीजी हाउस की मालकिन गीता भसीन ने पुलिस को बताया कि किशोरी के साथ एक युवक भी आया था। दोनों के कमरे में जाने के कुछ ही देर बाद युवक वहां से निकल गया था। जब वह चाय लेकर कमरे में गई तो वहां खून से लथपथ छात्रा का शव पड़ा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की के परिजनों ने आरोपी के घर पर पथराव किया। पुलिस का कहना है कि युवक छात्रा से एकतरफा प्यार करता था। युवक शादीशुदा है। किशोरी को वह पेइंग गेस्ट हाउस तक कैसे ले गया, इसकी पूछताछ की जा रही है।