गैंगरेप में गवाही देंगे सिंगापुर के डॉक्टर
वसंत विहार गैंगरेप मामले की सुनवाई कर रहे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश योगेश खन्ना की अदालत ने पीडि़ता का इलाज करने वाले सिंगापुर के एक अस्पताल के डॉक्टरों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गवाही देने के लिए कहा है। सिंगापुर के ये डॉक्टर इस मामले में सोमवार से अपने बयान दर्ज कराएंगे। गौरतलब है कि पीडि़ता को घटना के 10 दिन बाद सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों की सलाह पर इलाज के लिए 27 दिसंबर 2012 को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पातल ले जाया गया था जहां 29 दिसंबर को उसकी मौत हो गई थी। पीडि़ता से छह लोगों ने गैंगरेप किया था जिसमें से एक आरोपी किशोर है। उसकी सुनवाई जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष चल रही है।
इस बीच, शनिवार को एक मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट से बचाव पक्ष के वकील ने जिरह की। इस मजिस्ट्रेट ने घटना के बाद सफदरजंग अस्पताल में पीडि़ता के बयान दर्ज किए थे।