अमेरिका में परिवार की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने शनिवार को एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर एन लक्ष्मी निवास राव को गिरफ्तार कर लिया। अमेरिका पुलिस को उसे उसकी पत्नी और बच्चों की हत्या के मामले में तलाश है। सीआईडी विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, राव ग्रीन कार्ड धारी है। वह एफबीआई की वांटेड सूची में है। उस पर अपनी पत्नी नेरुसु जयलक्ष्मी, पुत्र शिवा (12) और बेटी तेजस्वी (14) की 2008 में अमेरिका के मिशिगन में हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार उसने पहले अपनी पत्नी की हत्या की। दो घंटे बाद जब बच्चे स्कूल से आए उसने उनकी भी हत्या कर दी। उसी दिन वह फ्रैंकफर्ट होते हुए हैदराबाद लौट आया। दो हफ्ते बाद रिश्तेदारों और स्कूल ने शिकायत की कि परिवार बहुत दिनों से दिखा नहीं। तब अमेरिकी पुलिस को हत्याकांड का पता चला। अमेरिकी कोर्ट ने उसके खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर के आरोप में वारंट जारी किया।