नई दिल्ली। महंगाई की मार झेल रही जनता को बड़ा झटका लगा है। रेल मंत्री पवन बंसल ने रेल किराया बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ा किराया 21 जनवरी से लागू होगा। रेल मंत्री ने साफ किया कि इस बार के बजट में किराया नहीं बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में रेल किराया नहीं बढ़ा है। रेल किराया बढ़ने से होने वाली आमदनी का इस्तेमाल मुसाफिरों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने में किया जाएगा।
बीजेपी, लेफ्ट पार्टियों और तृणमूल कांग्रेस ने रेल किराया बढ़ाए जाने के सरकार के फैसले को 'जनता विरोधी' करार देते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। इन दलों का कहना है कि रेल किराया बढ़ने से महंगाई की मार झेल रही जनता पर दोहरी मार पड़ेगी। इनका कहना है कि रेलवे को किराया बढ़ाने के बजाय राजस्व बढ़ाने के अन्य उपायों पर विचार करना चाहिए।
इस तरह बढ़े किराये
सेकेंड क्लास (आर्डिनरी सब-अर्बन) : 2 पैसे प्रति किलोमीटर
सेकेंड क्लास (आर्डिनरी नॉन सब-अर्बन) : 3 पैसे प्रति किलोमीटर
सेकेंड क्लास मेल/एक्सप्रेस : 4 पैसे प्रति किलोमीटर
स्लीपर क्लास: 10 पैसे प्रति किलोमीटर
एसी चेयरकार : 10 पैसे प्रति किलोमीटर
एसी 3 टियर : 10 पैसे प्रति किलोमीटर
एसी 2 टियर : 15 पैसे प्रति किलोमीटर पहले बढ़े और अब 6 पैसे एडिशनल
एसी फर्स्ट क्लास : 30 पैसे प्रति किलोमीटर पहले बढ़े थे और अब 10 पैसे एडिशनल