'इमरजेंसी के रिकार्ड दिखाएं'
Source: Agency | Last Updated 12:09(10/02/12)
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना आयोग ने प्रधानमंत्री कार्यालय को निर्देश दिया है कि वह 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व राष्ट्रपति के बीच आपातकाल लागू करने को लेकर हुए पत्राचार को ढूंढ़कर संरक्षित करे।
मुख्य सूचना आयुक्त सत्यानंद मिश्रा ने एक आदेश में कहा कि आपातकाल देश के लिए आजादी के बाद का एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम था, जिसके कागजात सहेजकर रखे जाने चाहिए। पीएमओ ने आयोग से कहा था कि आपातकाल से जुड़े रिकार्ड का पता नहीं लग पा रहा है।
आयोग ने यह भी कहा कि देश के लिए इतने महत्वपूर्ण घटनाक्रम का रिकार्ड फाइलों में नहीं होने की जांच की जानी चाहिए। सूचना के अधिकार के तहत आपातकाल से जुड़े कागजात सार्वजनिक करने के सूचना आयोग के आदेश के बाद पीएमओ ने कहा था कि इस पत्राचार के बारे में पीएमओ में कोई रिकार्ड का पता नहीं लग पाया है।