Home >> National >> Latest News >> National >> Fire At Hyderabad's Old Airport, 6 Planes And One Helicopter Burnt
हवाई अड्डे में आग, राख हो गए हेलीकॉप्टर और विमान
Agency
| Dec 18, 2012, 20:11PM IST
हैदराबाद। यहां के बेगमपेट स्थित पुराने हैदराबाद हवाई अड्डे के हैंगर लगी भीषण आग में 6 विमान और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर राख हो गए। सोमवार देर रात की इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग में आंध्र प्रदेश सरकार का अगस्टा वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर और अकादमी में पायलटों को प्रशिक्षण के लिए उपयोग होने वाले सेसना विमान नष्ट हुए हैं। 15 सीट वाले अगस्टा एडब्ल्यू 139 को राज्य सरकार ने 63 करोड़ रुपये में इटली की कंपनी अगस्टा वेस्टलैंड से खरीदा था। इस हेलीकॉप्टर का बीमा भी है।
2008 से इस हवाई अड्डे का इस्तेमाल गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों से हो रहा था। इस समय हैदराबाद से करीब 30 किमी की दूरी पर शमशाबाद स्थित नया हवाई अड्डा परिचालन में है। पुराने हवाई अड्डे को विमानन अकादमी और भारतीय वायुसेना के अलावा वीआइपी फ्लाइटों, निजी चार्टर्ड विमानों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
आग को चार घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया जा सका। राज्य सरकार ने आग की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। राज्य के मुख्यमत्री किरण रेड्डी नष्ट हुए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करते थे। उनकी आगामी यात्राओं के लिए अब वैकल्पिक हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया जा रहा है।






