गोवा चुनाव: भाजपा की पहली सूची में पांच ईसाई चेहरे
Source: agency | Last Updated 10:17(08/02/12)
पणजी। अपनी हिंदू छवि से पीछा छुड़ाने के प्रयास में भाजपा ने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इसमें पांच ईसाई चेहरे भी शामिल हैं। इन पांच ईसाई उम्मीदवारों में प्रदेश के एक पूर्व पर्यटन मंत्री भी हैं, जिन्होंने हाल ही में पार्टी का दामन थामा था।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बीती रात दिल्ली में बैठक हुई थी। इसमें उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया गया।
राज्य में तीन मार्च को चुनाव होने जा रहे हैं। राज्य की करीब 14 लाख की आबादी में कैथोलिक 27 फीसदी स्थान रखते हैं। पूर्व पर्यटन मंत्री मथानी सलदान्हा कोर्तालिम सीट से मैदान में उतरेंगे। ईसाई बहुल इस निर्वाचन क्षेत्र में वह काग्रेस के कैथोलिक नेता केतन जेवियर से मुकाबला करेंगे।
उद्योगपति ग्लेन तिकलो को अल्दोना सीट से टिकट दिया गया है, जहा उनके मुकाबले में काग्रेस के दयानंद नार्वेकर मैदान में हैं। नार्वेकर राज्य में पूर्व वित्त मंत्री भी रहे हैं। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए कार्लोस अलमेदा को वास्को से मैदान में उतारा गया है।
मापुसा से पार्टी के मौजूदा विधायक फ्रासिस डिसूजा को फिर से टिकट दिया गया है जबकि प्रमुख पर्यटन केंद्र क्लान्गुते से एक अन्य कैथोलिक उम्मीदवार माइकल लोबो पर दाव लगाया गया है। वह काग्रेस के विधायक एग्नेलो फर्नाडीस से दो-दो हाथ करेंगे। गौरतलब है कि चुनावों से पूर्व कई कैथोलिक नेता भाजपा में शामिल हुए हैं।