'गीतिका को एमबीए करने के लिए दिए थे 7.50 लाख'
नई दिल्ली. गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली पुलिस ने गीतिका की सीनियर अरुणा चड्ढा को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में फंसे हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा फरार हो गए हैं। गीतिका की मौत का सच जानने के लिए दिल्ली पुलिस ने गोपाल कांडा को आज पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था लेकिन शाम होने तक उनका कुछ नहीं पता चला तो उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस की चार टीमें हरियाणा में कई ठिकानों पर कांडा की तलाश कर रही है। कांडा के गुड़गांव स्थित फॉर्म हाउस पर भी पुलिस गई लेकिन पूर्व मंत्री का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने कांडा की कंपनी के एक कर्मचारी मनदीप को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इसे सरकारी गवाह बनाया है।
पुलिस ने जब कांडा को पूछताछ के लिए बुलाया था तो उन्होंने इसके लिए तीन दिन की मोहलत मांगी लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। कांडा ने रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है। अर्जी पर गुरुवार को सुनवाई होगी। दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी पी. करुणाकरण ने कांडा के फरार होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा, 'कांडा की तलाश में पुलिस की टीमें हरियाणा भेजी गई हैं। वह अभी तक नहीं मिले हैं। वह फरार हैं।' डीसीपी बुधवार सुबह गीतिका के घर भी गए थे। बीजेपी के दिल्ली प्रदेश ईकाई के अध्यक्ष भी गीतिका के घर गए थे।
कांडा ने दावा किया है कि एयर होस्टेस गीतिका शर्मा को उन्होंने एमबीए करने के लिए 7.50 लाख रुपये दिए थे। गोपाल कांडा गीतिका के परिवार के साथ 'पारिवारिक रिश्ते' की बात पहले ही कुबूल चुके हैं।







