मोबाइल पर अब मिलेगी सरकारी नौकरियों की जानकारी

नई दिल्ली. सरकारी नौकरियों की सूचना अब आपको आपके कंप्यूटर पर मिला करेगी। सरकारी क्षेत्र में नई नौकरियों की संभावनाएं और संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने वाला इकलौता अखबार रोजगार समाचार (इंप्लायमेंट न्यूज) जल्द ही ऑनलाइन होने वाला है।
केंद्र सरकार ने यह भी तय किया है कि वह सरकारी क्षेत्रों में नई नौकरियों की संभावनाओं के बारे में एसएमएस के जरिए भी युवाओं को सूचनाएं उपलब्ध कराएगी। सूचना व प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, रोजगार समाचार के ऑनलाइन संस्करण (ई-एडीशन) को तैयार करने की कार्रवाई इस साल 15 अगस्त तक पूरी हो जाएगी।
यह फैसला हाल में मंत्रालय के कई कार्यक्रमों की समीक्षा करने के दौरान लिया गया है। सूत्रों ने कहा कि रोजगार समाचार का प्रकाशन करने वाले मंत्रालय के प्रकाशन विभाग से कहा गया है कि वह दी गई समय सीमा के अंदर ऑनलाइन संस्करण को लाने की तैयारी पूरी कर ले। प्रकाशन विभाग से यह भी कहा गया है कि वह रोजगार समाचार के प्रिंट संस्करण की प्रकाशन अवधि को घटा कर तीन हफ्ते कर ले।
इसके अलावा केंद्र सरकार सरकारी नौकरियों की जानकारी एसएमएस के जरिए उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी काम कर रही है। एसएमएस अलर्ट की यह व्यवस्था रोजगार समाचार के ऑनलाइन संस्करण के तुरंत बाद शुरू करने की कोशिश है।
मंत्रालय के सूत्र ने बताया कि जिस किसी को ऐसी जानकारियां मोबाइल पर चाहिए, उसे इसके लिए खुद को एक समर्पित वेबसाइट पर रजिस्टर कराना होगा। जैसे ही नई संभावनाएं आएंगी, उन्हें उनके मोबाइल पर जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।
मंत्रालय को लगता है कि इन फैसलों से न केवल युवाओं या नौकरी के इच्छुकों को समय पर जानकारियां प्राप्त होंगी, इससे एक किस्म की पारदर्शिता भी आएगी। जानकारियां मोबाइल पर पाने के लिए कराना होगा वेबसाइट पर रजिस्टर।






