आया मौसम छुट्टियों का...अगस्त में हर दूसरे दिन छुट्टी
भास्कर न्यूज नेटवर्क. नई दिल्ली/सीकर
अगस्त के साथ ही छुट्टियों का मौसम भी आ जाएगा। यानी लगभग हर दूसरे दिन छुट्टी। दो वीकेंड तीन-तीन दिन के। इस बार कोई भी बड़ा त्योहार शनिवार-रविवार को नहीं है। नवंबर में एक दिन की छुट्टी लेने पर दीवाली की छुट्टी दस दिन की हो जाएगी।
दो अगस्त को रक्षाबंधन से छुट्टियों की शुरुआत होगी। उसके बाद जन्माष्टमी 10 अगस्त (शुक्रवार) को और ईद-उल-फितर 20 (सोमवार) को। यानी वीकेंड तीन-तीन दिन के। चार रविवार और चार शनिवार तो है ही। दो ऐच्छिक छुट्टियां भी हैं।
सितंबर में तो शनिवार और रविवार की ही दस छुट्टियां हैं। गणेश चतुर्थी (19 सितंबर) सहित दो ऐच्छिक अवकाश अलग। दो नवंबर (शुक्रवार) को करवा चौथ का ऐच्छिक अवकाश है। यानी वीकेंड तीन दिन का। इसके बाद 13 को दीवाली है। 16 नवंबर (शुक्रवार) की छुट्टी लें तो 10 दिन की दीवाली तय है। 24 दिसंबर (सोमवार) को छुट्टी लें तो क्रिसमस सहित छुट्टी हो जाएगी चार दिन की।








