जेल में बंद आतंकियों से पूछताछ से खुलासे
इंडियन मुजाहिदीन के जेलों में बंद आतंकियों से व्यापक पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भास्कर से कहा, ‘जांच कई स्तर पर चल रही है। ठोस परिणाम के आने की जल्द उम्मीद है।’ गृह मंत्रालय के सूत्रों ने भास्कर को बताया है कि एनआईए की छह टीमें देश के विभिन्न हिस्सों में इस धमाके की जांच में जुटी हैं। धमाके के सूत्र बिहार के दरभंगा के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, कोयंबटूर और नांदेड (महाराष्ट्र) के साथ कर्नाटक तक फैले होने की आशंका है। यह भी पता चला है कि कई शहरों में आतंकी स्लीपर सेल लोकल टेरर ग्रुप्स को मदद दे रहा है। ये अपने ठिकाने जल्दी-जल्दी बदल देते हैं। इसी वजह से हैदराबाद में भी वारदात को अंजाम देने में आतंकी सफल रहे।