एनसीटीसी पर सरकार करेगी नए सिरे से कवायद
केंद्र सरकार राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी केंद्र (एनसीटीसी) के गठन पर नए सिरे से कवायद शुरू करेगी। हैदराबाद की आतंकी घटना के बाद कांग्रेस और केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने आतंकवाद से लडऩे के लिए इस एजेंसी की जरूरत पर गौर किया है। राजनीतिक मजबूरियों के चलते पीछे हुई सरकार ताजा आतंकी घटना के बाद इस मामले में फिर से मुस्तैद नजर आ रही है। सरकार ने तय किया है कि राज्यों को इस मसले पर राजी करने के लिए पत्र लिखा जाएगा। राजनीतिक दलों के साथ भी सरकार इस मामले में नए सिरे से बात करेगी। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि सरकार तो चाहती थी कि एनसीटीसी का गठन हो लेकिन कुछ राज्यों को इस पर विरोध था। उधर विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने एनसीटीसी के गठन पर राज्यों से सहयोग की मांग की। उन्होंने कहा कि यह थोपने वाली बात नहीं है बल्कि सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के स्तर पर शामिल लोगों सहित हम सबके लिए चिंता की बात है। खुर्शीद ने कहा कि हमें संकुचित राजनीतिक फायदों की बजाए देशहित में बड़ी तस्वीर की ओर देखना चाहिए। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हैदराबाद आतंकी हमले पर गृह मंत्री से पूरी रिपोर्ट हासिल की है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी से भी इन नेताओं की टेलीफोन पर बात हुई है।