हैदराबाद पुलिस कमिश्नर अनुराग शर्मा ने शनिवार को बताया कि किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि दिलसुख नगर के सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे। केंद्र सरकार की सूचना को गंभीरता से लिया गया था। इसीलिए शहर के अनेक स्थानों पर पुलिस बल को तैनात किया गया था। बम निरोधक दस्ते भीड़ वाले स्थानों की जांच कर रहे थे। एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें एक व्यक्ति साइकिल पर थैला लेकर आता दिख रहा है। लेकिन वह वापस पैदल जाते दिखा है। इसकी जांच की जा रही है। साइबराबाद पुलिस कमिश्नर द्वारका तिरुमालाराव ने मामले में सुराग देने वालों को 10 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बम विस्फोट में दो आईईडी में अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था।
एयरपोर्ट पर कार में बम की सूचना से दहशत : राज्य के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक कार में बम रखे जाने की सूचना पर दहशत हो गई थी। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर जाकर छानबीन की थी। जहां कुछ नहीं मिला।